बरगाड़ी बेअदबी मामलाः पंजाब के पूर्व शिक्षा मंत्री चीमा को एसआइटी ने किया तलब

बरगाड़ी बेअदबी मामले से संबंधित बहिबल कलां और कोटकपूरा गोलीकांड की घटनाओं की जांच कर रही पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआइटी) ने शिअद के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा को तलब किया है। एसआइटी 29 दिसंबर को डॉ.चीमा से फरीदकोट में पूछताछ करेगी। फरीदकोट में एसआइटी का कैंप आफिस है। चीमा को यहां पेश होने का समन जारी किया गया है। एसआईटी सदस्य आइजी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने इसकी पुष्टि की है।







एसआइटी बेअदबी मामलों में जस्टिस रणजीत सिंह रिपोर्ट के आधार पर गोलीकांड की दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक जस्टिस रणजीत सिंह आयोग के पास श्री अकाल तख्त साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी गुरमुख सिंह के भाई हिम्मत सिंह ने अपना बयान दर्ज करवाया था। बयान में दावा किया था कि डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को माफी देने के लिए बादल परिवार ने तख्तों के जत्थेदारों को अपने घर बुलाया था। उस बैठक में डॉ. दलजीत सिंह चीमा भी मौजूद थे।
चीमा ने डेरा प्रमुख के माफीनामा वाला पत्र को पढ़कर सुनाया था। हालांकि जस्टिस रणजीत सिंह आयोग के पास बयान दर्ज करवाने के कुछ दिन बाद ही हिम्मत सिंह बयान से पलट गया था। बाद में उसने कहा था कि यह बयान दवाब में दर्ज करवाया गया था। जस्टिस रणजीत सिंह आयोग की रिपोर्ट में हिम्मत सिंह के बयान को आधार बनाकर एसआइटी अब चीमा से पूछताछ करेगी।
होंगे एसआइटी के सामने पेश : डॉ. चीमा
पूर्व मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा का कहना है कि उन्हें नहीं मालूम एसआइटी ने क्यों बुलाया है। एसआइटी के पास शिअद की सीनियर लीडरशिप भी पेश हो चुकी है और वह भी पेश होकर पूर्ण सहयोग करेगें। यदि हमारे सहयोग से एसआइटी को फायदा होता है और हमें खुशी मिलेगी।