विराट कोहली ने तोड़ा राहुल द्रविड़ का 16 साल पुराना रिकॉर्ड…

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। कोहली विदेशी जमीन पर एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ का 16 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा।
कोहली ने मेलबर्न में चल रहे बॉक्सिंग-डे टेस्ट के दूसरे 82वां रन बनाते ही इस उपलब्धि को अपने नाम किया। दुर्भाग्यवश कीर्तिमान अपने नाम करने के बाद अगली ही गेंद पर कप्तान कोहली पवेलियन लौट गए। मिचेल स्टार्क की शॉर्ट गेंद पर कोहली ने अपर कट शॉट खेला और थर्ड मैन बाउंड्री पर आरोन फिंच ने उनका आसान कैच लपका।
विराट कोहली ने इस साल विदेश में कुल 11 टेस्ट खेले, जिसकी 21 पारियों में उन्होंने 1138 रन बनाए हैं। अगर टीम इंडिया को मेलबर्न में बल्लेबाजी का एक और मिलता है तो कोहली के पास इस संख्या में इजाफा करने का एक और मौका होगा। वहीं द्रविड़ ने 2002 में विदेश में कुल 11 टेस्ट खेले थे, जिसकी 18 पारियों में उन्होंने 66.88 की औसत से 1137 रन बनाए थे। इस दौरान द्रविड़ ने चार शतक और पांच अर्धशतक जमाए।
इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर मोहिंदर अमरनाथ काबिज हैं, जिन्होंने 1983 में 9 टेस्ट की 14 पारियों में 71 की औसत से 1065 रन बनाए। इस दौरान अमरनाथ ने चार शतक और पांच अर्धशतक जमाए। भारतीय बल्लेबाजों में चौथे स्थान पर महान सुनील गावस्कर काबिज हैं, जिन्होंने 1971 में 14 पारियों में 918 रन बनाए थे। कोहली ने मौजूदा सीरीज में पांच पारियों में 259 रन बनाए हैं।
वैसे, विश्व स्तर पर देखा जाए तो विदेशी जमीन पर एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ के नाम दर्ज हैं। स्मिथ ने 2008 में 11 मैचों में 1212 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के सर्वकालिक महान बल्लेबाज विव रिचर्ड्स इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। विव ने 1976 में केवल 7 मैचों में 1154 रन बनाए थे। विराट कोहली, राहुल द्रविड़ और मोहिंदर अमरनाथ क्रमश: तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर काबिज हैं।





