अनुशासित एवं संस्कारयुक्त वातावरण में पले-बढ़े बालक ही कर सकते हैं समाज का मार्गदर्शन : जगदीश गांधी

सीएमएस राजेन्द्र नगर (द्वितीय कैम्पस) के छात्रों ने मनाया इण्टरनेशनल ह्यूमन सॉलिडरिटी डे
लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजेन्द्र नगर (द्वितीय कैम्पस) के छात्रों ने आज बड़े ही उल्लास व उमंग से संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित ‘इण्टरनेशनल ह्यूमन सॉलिडरिटी डे’ मनाया। सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित रंगारंग समारोह में विद्यालय के छात्रों ने शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा ‘विभिन्नता में एकता’ का संदेश दिया। विदित हो कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा प्रतिवर्ष 20 दिसम्बर को ‘इण्टरनेशनल ह्यूमन सॉलिडरिटी डे’ मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य मानव मात्र की एकता को सुदृढ़ करने के साथ ही गरीबी, निरक्षरता, शोषण जैसी सामाजिक विषमताओं को समाप्त करने को प्रोत्साहित किया जाता है।
इससे पहले, समारोह का शुभारम्भ फैशन डिजाइनर मनीष त्रिपाठी एवं सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर अपने संबोधन में डा. गाँधी ने कहा कि अनुशासित एवं संस्कारयुक्त वातावरण में पले-बढ़े बालक ही आगे चलकर समाज का मार्गदर्शन कर सकते हैं एवं विश्व शान्ति एवं विश्व एकता के स्वप्न को साकार कर सकते हैं। उन्होंने उपस्थित माताओं से घर के वातावरण को प्रेममय व ईश्वरमय बनाने का आहवान करते हुए कहा कि जो परिवार मिलजुल कर प्रार्थना करते है उस परिवार के बच्चों का संतुलित विकास बहुत तेजी से होता है। हमें बच्चों को अच्छा संसार देने की शुरूआत घर-परिवार से करनी चाहिए। परिवार समाज की सबसे छोटी एवं सशक्त इकाई है तथापि परिवार में एकता स्थापित करके विश्व एकता के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
समारोह का शुभारम्भ स्कूल प्रार्थना एवं ‘वन्दे मातरम्’ से हुआ एवं इसके उपरान्त विश्व शान्ति एवं ईश्वरीय एकता का सन्देश देती ‘सर्व-धर्म एवं विश्व शान्ति प्रार्थना’ ने सभी के हृदयों को प्रभु प्रेम से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर भव्य समारोह में रंग-बिरंगी पोशाकों में हँसते-गाते नन्हें-मुन्हें बच्चों ने जीवन का उल्लास बिखरते हुए एक से बढ़कर एक शानदार शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अनेकता में एकता, सहयोग, सहकार एवं सामूहिकता का अभूतपूर्व एवं विराट दृश्य प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया एवं तालियों की गड़गड़ाहट से सम्पूर्ण ऑडिटोरियम गूँज उठा। इस अवसर पर सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर (द्वितीय कैम्पस) की प्रधानाचार्या ज्येत्सना अतुल ने कहा कि सी.एम.एस. प्रत्येक बालक को समाज का प्रकाश बनाने को सतत प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अभिभावक जिस विश्वास के साथ अपने प्रिय बच्चों को अच्छी पढ़ाई के साथ-साथ अच्छा इन्सान बनाने के लिए भेजते हैं, उस पर अवश्य खरे उतरेंगे।





