भावी पीढ़ी के नैतिक व आध्यात्मिक उत्थान के लिए संकल्पबद्ध हों अभिभावक : डॉ.गांधी

सी.एम.एस. अशर्फाबाद कैम्पस द्वारा ‘एनुअल फंक्शन’ का भव्य आयोजन
लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अशर्फाबाद कैम्पस द्वारा आज विद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित ‘वार्षिकोत्सव’ में नाचते-गाते बच्चों की बहुमुखी एवं बाल सुलभ प्रतिभा को देखकर अभिभावक गदगद हो गये। इस शानदार समारोह में छात्रों ने कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों की इन्द्रधनुषी छटा प्रदर्शित कर एकता व शान्ति का संदेश दिया। भारी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने अपने नन्हें-मुन्हों की खूब हौसलाअफजाई की और बच्चों ने भी बड़े उत्साह से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इससे पहले सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी एवं सी.एम.एस. के विभिन्न कैम्पस की प्रधानाचार्याओं ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
छात्रों ने दिया शिक्षात्मक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा एकता व शान्ति का संदेश
समारोह का शुभारम्भ ‘स्कूल प्रार्थना’ सर्वधर्म प्रार्थना एवं विश्व शान्ति प्रार्थना से हुआ तथापि छात्रों ने विभिन्न देशों के राष्ट्रीय ध्वज हाथों में लेकर ‘सारे विश्व में शान्ति हो’ का जयघोष बड़े ही प्रभावशाली ढंग से किया। इसके अलावा, समूह गान, भक्तिगीत, लोकनृत्य, ऐरोबिक्स, कव्वाली, कश्मीरी डान्स, भारतीयम आदि विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों की इन्द्रधनुषी छटा प्रस्तुत कर उपस्थि दर्शकों को गद्गद् कर दिया एवं एकता, शान्ति, सहयोग, सहकार एवं सामूहिकता का अनूठा चित्रण प्रस्तुत किया। जहाँ एक ओर मान्टेसरी व नर्सरी के नन्हें-मुन्हें छात्रों द्वारा प्रस्तुत क्रिसमस सेलीब्रेशन का सभी ने खूब सराहा तो वहीं ‘मॉडल यूनाईटेड नेशन्स’ की शानदार प्रस्तुतीकरण द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय न्यायिक व्यवस्था की स्थापना पर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गांधी ने इस अवसर पर कहा कि विश्व शान्ति, विश्व एकता एवं वसुधैव कुटुम्बकम् के विचारों को बचपन से ही प्रत्येक बालक को देने की आवश्यकता है। अतः सी.एम.एस. द्वारा ऐसे प्रयास किये जा रहे हैं जिससे कि प्रत्येक बालक को घर व विद्यालय दोनों जगह विश्व एकता एवं विश्व शान्ति के विचार मिल सके। उन्होंने अभिभावकों का आह्वान किया कि भावी पीढ़ी के चारित्रिक, नैतिक व आध्यात्मिक उत्थान के लिए संकल्पबद्ध हों। सी.एम.एस. अशर्फाबाद कैम्पस प्रधानाचार्या तृप्ति द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि सी.एम.एस. का प्रयास है कि छात्रों को विद्यालय में शान्तिपूर्ण आध्यात्मिक वातावरण प्रदान हो सके, क्योंकि एकता व शान्ति के वातावरण में बच्चों का संतुलित विकास बहुत तेजी से होता है। अभिभावकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए श्री द्विवेदी ने आगे कहा कि प्रत्येक बालक को अच्छा और स्मार्ट बनाने का विद्यालय का लक्ष्य अभिभावकों के सहयोग से ही पूरा हो सकता है।





