नए साल पर रेलवे का अब तक का सबसे बड़ा तोहफा, ट्रेन में सफर के दौरान मिलेगी ये बड़ी सुविधा

अक्सर लंबी दूरी के रेल सफर के दौरान लोगों को कुछ ऐसी घरेलू चीजों की जरूरत होती है जो चलती ट्रेन में मिलना मुश्किल होता है. लेकिन आपकी इस शिकायत को दूर करने के लिए भारतीय रेलवे ने एक खास प्‍लान बनाया है. इसके तहत आपको सफर के दौरान घर और रसोई के आइटम समेत अन्‍य जरूरी सामान मिल सकेंगे. इस खास सुविधा की शुरुआत नए साल में होने की संभावना है.

 एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी के मुताबिक पहले चरण में इस सुविधा की शुरुआत दो ट्रेनों में होगी और इसके बाद हर चरण में दो-दो ट्रेनों को जोड़ा जाएगा. इसके लिए एक निजी फर्म को पांच साल का कॉन्‍ट्रैक्‍ट दिया गया है. इस फर्म के पास घरेलू सामान के अलावा ब्‍यूटी प्रोडक्‍ट समेत अन्य आइटम्‍स बेचने का लाइसेंस होगा. हालांकि, फर्म को ट्रेनों में कोई खाद्य सामग्री, सिगरेट, गुटखा या शराब बेचने की अनुमति नहीं होगी.

यह फर्म पश्चिम रेलवे के मुंबई डिविजन के 16 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में अपने प्रोडक्‍ट्स बेच सकेगी. अधिकारी ने बताया कि इन आइटम्‍स को सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक ही बेचा जा सकेगा और वर्दी में दो कर्मचारियों को यह जिम्मेदारी रहेगी. अहम बात ये है कि वो यात्री भी सफर के दौरान सामान खरीद सकेंगे जिनके पास कैश उपलब्‍ध नहीं होगा. दरअसल, ऐसे यात्रियों के लिए डेबिट और क्रेडिट कार्ड से सामान खरीदने की सुविधा दी जाएगी.

बता दें कि सफर के दौरान रेलवे की पेंट्री कार में यात्रियों के लिए खाना, पानी और चाय की सुविधाएं मिलती हैं.  हालांकि खाने की क्‍वॉलिटी की अक्सर शिकायतें भी मिलती रहती हैं.  ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस साल अक्‍टूबर, 2018 तक रेलवे को 7,500  से अधिक लोगों ने खराब खाने की शिकायत की है.

Back to top button