मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह आज करेंगे ताज का दीदार

मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह आज (मंगलवार को) ताजमहल का दीदार करने आ रहे हैं। वह चार घंटे से अधिक समय तक शहर में रहेंगे। ताजमहल देखने के बाद वह होटल अमर विलास में लंच करेंगे। वो ताजमहल से अधिक समय होटल अमर विलास में गुजारेंगे।
इसको लेकर जोरशोर से तैयारियां की जा रही हैं। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, मुख्य सचिव अनूप चंद पांडे और डीजीपी ओपी सिंह एयरपोर्ट पर मालदीव के राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। वहीं इस दौरान तीन घंटे तक ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। तय कार्यक्रम के मुताबिक राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह पूर्वाह्न लगभग 10.45 बजे खेरिया हवाई अड्डे पर अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ आएंगे। स्वागत-सत्कार के बाद यहां से उनका काफिला सीधे होटल अमल विलास पहुंचेगा।
दोपहर 12.10 बजे वह ताजमहल पहुंचेंगे। 50 मिनट के भ्रमण के बाद दोपहर 1.10 बजे वह फिर होटल अमर विलास जाएंगे। यहां राज्य सरकार की ओर से उनको भोज दिया जाएगा। होटल में वह लगभग 95 मिनट करेंगे।
अपराह्न 2.45 बजे खेरिया हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे। 3.15 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। इस दौरान उनकी सुरक्षा के लिए चाक चौबंद व्यवस्थाएं की जा रही हैं।





