नगर निगम चुनाव में 62.82 फीसदी मतदान, इस जगह पड़े सबसे कम वोट

हरियाणा की सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे निकाय चुनावों में मतदाताओं ने कम उत्साह दिखाया है। हिसार, करनाल, रोहतक, यमुनानगर और पानीपत नगर निगमों के लिए हुए मतदान में इस बार बीते चुनाव की तुलना कम संख्या में मतदाता घरों से बाहर निकले। सबसे कम मतदान सीएम सिटी करनाल में हुआ है। जबकि यमुनानगर में सबसे अधिक मतदान हुआ। 
हिसार दूसरे, रोहतक तीसरे, पानीपत चौथे और करनाल मतदान के मामले में पांचवें स्थान पर रहा। मेयर पद के लिए पहली बार सीधा चुनाव हो रहा था, इसके बावजूद मतदाताओं का रुझान कम होने से दिग्गजों की चिंताएं बढ़ गई हैं। वहीं, कैथल की पुंडरी और फतेहाबाद की जाखल नगरपालिकाओं में वैसे तो 80 फीसदी से अधिक मतदान हुआ है, लेकिन पिछली बार की अपेक्षा यहां भी कम मतदान हुआ है।
सुबह साढ़े सात बजे ही मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह के समय मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही। कुछ स्थानों पर ईवीएम की खराबी की बात भी सामने आई। कई मतदाताओं को तकनीकी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। चूंकि मेयर और पार्षद या नोटा के लिए वोट करना था ऐसे में यदि कोई दो बटन नहीं दबाता था तो उसका वोट मान्य नहीं हो रहा था। वहीं, दिन चढ़ने के साथ मतदाता घर से बाहर निकले।





