गोरखनाथ मंदिर में पानी पर उभरेगी नाथ पंथ की महिमा

गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर के भीम सरोवर ताल पर तैयार हो रहे साउंड एंड लाइट शो कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। शनिवार को कार्यदायी संस्था की मौजूदगी में फाइनल टेस्टिंग होगी। रविवार से इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।

हाल ही में महाराणा प्रताप शिक्षा संकाय से संस्थापक सप्ताह समारोह का शुभारंभ करने पहुंचे छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह और उनकी पत्नी वीना सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लाइट एंड साउंड शो का लुत्फ उठाया था। उसके बाद से ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यदायी संस्था को जल्द ही इसका काम पूरा कर जनता को सौंपने की बात कही थी।

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए विभाग की ओर से युद्धस्तर पर इस काम को पूरा कर लिया गया है। इसके लिए 6.5 करोड़ का बजट पूर्व में ही स्वीकृत हो गया था। चार करोड़ रुपये केंद्र सरकार की ओर से दिए गए हैं। ढाई करोड़ रुपये प्रदेश सरकार ने वहन किया है।

भगवान राम का गुरु गोरखनाथ से शिक्षा लेने का प्रसंग लुभाएगा

साउंड एंड लाइट शो की योजना मंदिर प्रबंधन ने पूर्व में ही तैयार कर पर्यटन विभाग को सौंप दी है। इसमें गुरु गोरखनाथ से जुड़े उन रहस्यों को उद्घाटित किया गया है, जिनसे उनके भक्त अंजान हैं। त्रेता युग में भगवान राम ने कैसे गोरखनाथ से योग की शिक्षा ली, द्वापर में उन्होंने कृष्ण-रुक्मिणी विवाह के विघ्न को कैसे दूर किया, हनुमान से किन परिस्थितियों में उनकी मुलाकात हुई, गुरु के गोरखपुर पहुंचने का दृष्टांत और खिचड़ी महापर्व के मनाए जाने से जुड़ी रोचक कथाएं भी इसका अहम हिस्सा होंगी। इसके साथ ही महायोगी गंभीरनाथ का अवतरण, ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ, अवेद्यनाथ के अलावा महंत योगी आदित्यनाथ समेत नाथ संप्रदाय की महिमा के बारे में लोगों को बताया जाएगा।

लाइट एंड साउंड शो की खास बातें

लागत: 6.5 करोड़ रुपये
स्थान: गोरखनाथ मंदिर का भीम सरोवर
शो की अवधि: 40 मिनट
समय: सूर्यास्त के अनुसार
दर्शकों की क्षमता: 200
बैठने का इंतजाम: कुर्सी और दरी

Back to top button