युवकों की सजगता से टला बड़ा ट्रेन हादसा, क्रासिंग खुली थी और तभी आई ट्रेन…

कुशीनगर के पडरौना नगर के सुभाष चौक रेलवे क्रासिंग पर रविवार की रात कुछ युवकों की सजगता से बड़ा ट्रेन हादसा बच गया। दरअसल, क्रासिंग खुली थी और तभी गोरखपुर से सीवान जा रही ट्रेन आ पहुंची। युवकों की सजगता से टला बड़ा ट्रेन हादसा, क्रासिंग खुली थी और तभी आई ट्रेन...युवकों ने खतरे को भांपते हुए सक्रियता दिखाई और कपड़े लहराकर ट्रेन को 500 मीटर पहले नौका टोला क्रासिंग पर रुकवा लिया। बाद में युवाओं के साथ आसपास के लोग सुभाष चौक रेलवे क्रासिंग पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। 

चंद कदम पर कोतवाली होने के बावजूद आधे घंटे बाद तीन पुलिस कर्मी पहुंचे और क्रासिंग बंद करवाया। करीब 45 मिनट बाद ट्रेन गुजर पाई। 

नगर के रहने वाले अनिल जायसवाल, सूर्य प्रकाश मोदनवाल, शिवम जायसवाल, विशाल मोदनवाल, आलोक शर्मा व चंद्रशेखर ने बताया कि रात साढ़े आठ बजे के आसपास सुभाष चौक स्थिति रेलवे क्रासिंग खुली हुई थी। 

उसी दौरान गोरखपुर से सीवान जाने वाली पैसेंजर ट्रेन गुजर रही थी। ऐसा देखकर वे घबड़ा गए और शोर मचाते हुए 500 मीटर पश्चिम नौका रेलवे क्रासिंग के पास पहुंच गए और अपने कपड़े उतारकर ट्रेन को रुकवाने के लिए लहराने लगे। 

किसी तरह ट्रेन रुक गई और बड़ा हादसा होने से बच गया। इसके बाद सुभाष चौक क्रासिंग पर लोगों की भीड़ जुट गई। 30 मिनट बाद पुलिस पहुंची और गेटमैन को ढूंढ कर लाई। तब जाकर क्रॉसिंग बंद कराया जा सका और ट्रेन आगे गई।  

समय रहते ट्रेन को आउटर सिग्नल पर रोक लिया गया। प्रथम दृष्टया 68 नंबर क्रासिंग के गेटमैन ईश्वर चंद्र की लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि गेटमैन नशे की हालत में था। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी नशे की बात कही। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।

Back to top button