डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा- राहुल गांधी भाजपा के ‘शुभंकर’, पांच राज्यों में हार का बनाएंगे कीर्तिमान

उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि पांच राज्यों मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत और कांग्रेस की हार तय है। इन राज्यों में हार के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनावी पराजय का नया कीर्तिमान स्थापित कर देंगे।
यह फिर से साबित हो जाएगा कि देश के सभी भागों में लोगों का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कायम ही नहीं बल्कि पहले से और बढ़ा है। राहुल गांधी और कांग्रेस पर लोगों का भरोसा पूरी तरह खत्म हो चुका है।
उप मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गांधी भाजपा के ‘शुभांकर’ है। वह कांग्रेस की हार और भाजपा की जीत की गारंटी हैं। जहां जाएंगे वहां भाजपा की जीत तय हो जाएगी। मिजोरम में भी कांग्रेस हार की तरफ बढ़ रही है। वह शनिवार को यहां कुछ पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।





