आज से यूएन जलवायु शिखर सम्मेलन, भारत को सकारात्मक उम्मीद

जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन (यूएनएफसीसीसी) की 24वीं कांफ्रेंस ऑफ पार्टीज (कॉप-24) रविवार से पोलैंड के काटोविक शहर में शुरू होने जा रही है। पेरिस समझौते को लागू करने के लिए दिशा-निर्देशों पर सहमति बनने की संभावना के बीच 14 दिसंबर तक चलने वाले जलवायु सम्मेलन से भारत ने भी सकारात्मक उम्मीद जताई है।
सम्मेलन में हिस्सा लेने काटोविक शहर पहुंचे केंद्रीय पर्यावरण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि भारत को इससे बहुत सारी सकारात्मक उम्मीदें हैं। सम्मेलन से निकलने वाला परिणाम ‘संतुलित और समावेशी’ होना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा, भारत को उम्मीद है कि कॉप-24 विकसित देशों के मुकाबले विकासशील देशों के सामने मौजूद चुनौतियों को समझेगा।
कॉप-24 इस बात को महसूस करेगा कि ये देश अति संवदेनशीलता, विकास की प्राथमिकता, गरीबी उन्मूलन, खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा की मांग और स्वास्थ्य ढांचा उपलब्ध कराने के मामले में अभी शुरुआती स्तर पर खड़े हैं। उन्होंने इस पर भी जोर दिया कि भारत को इस सम्मेलन में समयबद्ध तरीके से लागू होने वाले दिशा-निर्देश तैयार किए जाने की भी उम्मीद है।





