महिलाओं का अवैध शराब के खिलाफ हल्ला बोल

बहराइच। यूपी के बहराइच जिले में महिलाओं ने अवैध शराब की भट्टियों के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। मामला बहराइच के आजिज बंजरिया गांव का है। यहां अवैध शराब की वजह से कई परिवार बिखर रहे हैं। जिससे परेशान महिलाओं ने बुधवार को नशा मुक्ति वाहिनी नाम से अपना संगठन बनाया और इसके बाद शराब की भट्ठियों पर धावा बोलने निकल पड़ीं। इस संगठन ने एक ही दिन में 13 भट्ठियों को आग के हवाले कर दिया।
यह भी पढ़ें- वो चाकू से हमला करता रहा और लोग बनाते रहे वीडियो..
महिलाओं का कहना है कि, अब गांव में किसी को भी न तो शराब पीने देंगे, न ही बनाने देंगे। पुलिस ने अभियान की सराहना करते हुए सभी महिलाओं को एक-एक साड़ी देने का आश्वासन दिया। नानपारा कोतवाली इलाके के बंजरिया ग्राम सभा के मजरा मोती सिंह पुरवा में कुछ लोग अवैध शराब बनाकर पीते और बेचते थे।
यह भी पढ़ें- “मनुवादी और सामन्तवादी हैं सीएम योगी”
यह सब कुछ कई सालों से चल रहा था। इससे गांव की महिलाएं बहुत परेशान थीं। महिलाओं का कहना है कि पति के आए दिन शराब पीकर घर में आने से मारपीट होती है। बच्चों का भी भविष्य बर्बाद हो रहा है। कई महिलाएं इस अवैध शराब की वजह से विधवा हो चुकी हैं।
इस समस्या को लेकर महिलाएं नानपारा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक से मिली थीं। पुलिस ने कई बार गांव में गोष्ठी कर लोगों को नशा छोड़ने की अपील की और महिलाओं को नशा के खिलाफ मुहिम चलाने को कहा। जिसके बाद महिलाओं ने गांव के ही मुन्ना सिंह के संरक्षण में नशा मुक्ति वाहिनी का गठन किया और अवैध शराब के खिलाफ ये कार्रवाई की।





