दर्दनाक मौत: बर्खास्त सिपाही और उसके बेटे की बेरहमी से हत्या, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

संतकबीरनगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के बांसगांव निवासी व बर्खास्त सिपाही ओमप्रकाश पांडेय (55) व उनके पुत्र जैनेंद्र पांडेय (26) की सोमवार देर रात हत्या कर दी गई। हत्यारों ने दोनों की एक-एक आंख भी फोड़ दी है। 

दोनों शव अलग-अलग पांच सौ मीटर की दूरी पर पड़े मिले। ओमप्रकाश के दूसरे बेटे शैलेंद्र ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

मंगलवार सुबह कुछ लोग  ड़डवा गांव के पास नहर के रास्ते जा रहे थे। वहां उनकी नजर नहर में पड़ी बाइक और युवक की लाश पर पड़ी। लोगों ने बाइक के नंबर को वेबसाइट पर सर्च किया तो बाइक मालिक का नाम ओम प्रकाश पांडेय निवासी बांसगांव कोतवाली खलीलाबाद निकला। 

फिर इसकी सूचना ओम प्रकाश के घर वालों को दी। उनका छोटा बेटा शैलेंद्र मौके पर पहुंचा और नहर में पड़े युवक की पहचान भाई जैनेंद्र पांडेय (26) के रूप में की।

शैलेंद्र ने बताया सोमवार की रात नौ बजे पिता और भाई खलीलाबाद के लिए निकले थे। रात 11:30 बजे तक मोबाइल पर बात हुई। इसके बाद घंटी जाने पर मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। पिता का मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा है।

 इधर मंगलवार की सुबह नेशनल हाइवे स्थित बूधा चौराहे पर एक व्यक्ति का शव मिला। शव के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना पर पहुंचे शैलेंद्र ने पिता के शव की पहचान की।     घटना की सूचना पर डीआईजी बस्ती आशुतोष कुमार, एसपी आकाश तोमर मौके पर पहुंच गए। उधर, सूचना पर सदर विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और 50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी।

Back to top button