INDvsAUS: 1947 को पहली बार आमने-सामने आए थे भारत और ऑस्ट्रेलिया

भारत और ऑस्ट्रेलिया 71 साल के अपने टेस्ट क्रिकेट के रिश्ते में एक बार फिर आमने-सामने हैं. दोनों टीमें छह दिसंबर से एडिलेड में टेस्ट मैच खेलेंगी. भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आधिकारिक तैयारी की शुरुआत (अभ्यास मैच) 28 नवंबर को करने वाली थी. हालांकि, बारिश के कारण इस पहले अभ्यास मैच के पहले दिन का खेल नहीं हो सका. यह भी संयोग ही है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट रिश्तों की शुरुआत 28 नवंबर को ही हुई थी. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 1947 में 28 नवंबर से ब्रिस्बेन में पहला मैच खेला गया था. INDvsAUS: 1947 को पहली बार आमने-सामने आए थे भारत और ऑस्ट्रेलिया

आजादी के बाद पहला मैच ऑस्ट्रेलिया से खेला 
आजादी से पहले भारत के क्रिकेट रिश्ते सिर्फ इंग्लैंड से थे. भारत और इंग्लैंड के बीच 1932 में लॉर्ड्स में पहला टेस्ट मैच खेला गया था. इसके बाद इन दोनों देशों के बीच 1946 तक 10 टेस्ट मैच हुए. इंग्लैंड ने इनमें से छह मैच जीते, जबकि चार मैच ड्रॉ रहे. आजादी के बाद भारत ने पहली टेस्ट सीरीज इंग्लैंड की बजाय ऑस्ट्रेलिया से खेली. भारतीय टीम पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए नवंबर में ऑस्ट्रेलिया पहुंची. 

ब्रिस्बेन में हुई थी अमरनाथ और ब्रैडमैन की टक्कर 
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट 28 नवंबर से ब्रिस्बेन में शुरू हुआ. भारतीय टीम की कमान लाला अमरनाथ संभाल रहे थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया की कमान डॉन ब्रैडमैन ने संभाली. ब्रैडमैन ने इस मैच में अपनी ख्याति के अनुरूप बल्लेबाजी की और 185 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहली पारी 8 विकेट पर 382 रन बनाकर घोषित की. इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के सामने समर्पण कर दिया. भारत की पहली पारी 58 और दूसरी पारी 98 रन पर सिमटी.  

कप्तान अमरनाथ ने किया था ऑलराउंड प्रदर्शन 
भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से पहला टेस्ट भले ही बुरी तरह से हार गई थी, लेकिन लाला अमरनाथ ने अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया था. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट झटके. इसमें ब्रैडमैन का विकेट भी शामिल था. उन्होंने ब्रैडमैन को हिटविकेट कराया था. ब्रैडमैन अपने करियर में सिर्फ एक बार ही हिटविकेट हुए थे. अमरनाथ ने इसके बाद भारत की पहली पारी में सबसे अधिक 22 रन भी बनाए. हालांकि, वे दूसरी पारी में पांच रन ही बना सके थे. 

128 टेस्ट मैच खेल चुके हैं भारत और ऑस्ट्रेलिया 
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने अब तक 128 टेस्ट खेले हैं. इनमें से ऑस्ट्रेलिया ने 73 और भारत ने 45 मैच जीते हैं. जबकि, 26 मैच ड्रॉ रहे हैं और एक मैच टाई हुआ है. दोनों देशों ने ऑस्ट्रेलिया में 45 टेस्ट मैच खेले हैं. भारत ने इनमें से महज पांच टेस्ट मैच जीते हैं. ऑस्ट्रेलिया ने 28 मैच जीते हैं.

Back to top button