राजस्थान: अमित शाह सिखा रहे हैं गुंडागर्दी, राम मंदिर भी चुनावों में आता है याद- अशोक गहलोत

नवलगढ़: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने शाह पर गुंडागर्दी सिखाने का आरोप लगाया है. अशोक गहलोत ने कहा, शाह ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि कोई कांग्रेसी या फिर कार्यकर्ता वोट मांगने आए तो उसका गिरेबान पकड़ लेना. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की भाषा सही नहीं है.राजस्थान: अमित शाह सिखा रहे हैं गुंडागर्दी, राम मंदिर भी चुनावों में आता है याद- अशोक गहलोत

यदि जीतना है तो काम और व्यवहार से जीतना चाहिए. गहलोत मंगलवार को झुंझुनूं के नवलगढ़ दौरे पर थे. उन्होंने यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी एवं मौजूदा विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया. इस मौके पर गहलोत ने सीएम वसुंधरा राजे द्वारा अमित शाह का झूककर किए गए प्रणाम पर भी कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि उन्हें झूककर प्रणाम करने में कोई आपत्ति नहीं हैं लेकिन हमारी संस्कृति बुजूर्गों को झूककर प्रणाम करने की है. जबकि शाह और राजे की उम्र में कोई ज्यादा फर्क नहीं हैं. 

उन्होंने इस मौके पर कहा कि भाजपा चुनावों के वक्त राम मंदिर का मामला छेड़ती है और इसके बाद राम को याद तक नहीं करती. इससे लगता है कि भगवान राम में भी भाजपा की आस्था पूरी नहीं हैं. इससे पहले उन्होंने डॉ. राजकुमार शर्मा को चुनाव जिताने की अपील की. इस मौके पर खेतड़ी से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. जितेंद्रसिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे. इससे पहले हैलिपेड पर आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन रणदीप धनखड़, डीसीसी प्रवक्ता मुरारी सैनी आदि ने स्वागत किया. सभा स्थल पर पहुंचने पर गहलोत का आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया.

आपको बता दें, प्रदेश में 7 दिसंबर को एक ही चरण में 200 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा. जिसके बाद 11 दिसंबर को मतदान के नतीजे आएंगे. 

Back to top button