अश्वनी चौबे का बड़ा बयान, कहा- राम मंदिर बनेगा तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जाएंगे अयोध्या

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्वनी चौबे का कहना है कि मंदिर अयोध्या में नहीं तो क्या पाकिस्तान में बनेगा। अभी मामला कोर्ट में है। अब मुस्लिम भी मंदिर के पक्ष में आने लगे हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के गेस्ट हाउस में मीडिया से रूबरू होते हुए चौबे बोले कि मंदिर बनेगा तो स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अयोध्या जाएंगे। अश्वनी चौबे का बड़ा बयान, कहा- राम मंदिर बनेगा तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जाएंगे अयोध्या

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के राफेल प्रकरण में ‘चौकीदार’ चोर है के बयान पर अश्वनी चौबे बोले कि जिस परिवार ने 70 साल तक देश को लूटा, गरीबों का हक मारा। वो प्रधानमंत्री की नीयत पर शक कर रहे हैं। मोदी के खिलाफ एकजुट होने वाले चोर-चोर मौसेरे भाई हैं। राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत पांचों राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनाव के साथ उन्होंने 2019 में भाजपा की जीत का दावा किया। 

स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में उन्होंने कहा कि 2022 तक 21 मेडिकल कालेज शुरू हो जाएंगे, इनमें छह संचालित होने लगे हैं। डॉक्टरों की कमी को दूर करने के प्रश्न पर कहा कि भाजपा सरकार ने पीजी की करीब 32 हजार और एमबीबीएस की 67 हजार सीटों की वृद्धि की है। 

उन्होंने कहा कि निर्माण शुरू होने पर एसएन में सुपर स्पेशियिलिटी सेंटर 16 महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। 200 करोड़ का ये प्रोजेक्ट है, इससे गंभीर इलाज के लिए मरीजों को दिल्ली समेत अन्य शहरों में नहीं जाना होगा।

बिहार में एनडीए सरकार के साथियों के मतभेद पर उन्होंने कहा कि सब ठीक है, लोकसभा में पूरी सीटें जीतेंगे। लालू यादव के बेटे तेजस्वी के प्रकरण में उन्होंने कहा कि उनका घरेलू मामला है। 

पहले अस्पताल तो बन जाने दो…

कांफ्र्रेंस में एसएन मेडिकल कालेज के सुपर स्पेशियलिटी सेंटर बनाने की जानकारी दे रहे राज्यमंत्री अश्वनी चौबे से जब राम मंदिर का प्रश्न किया तो वह बोले, अरे पहले अस्पताल तो बनवा लेने दो, राम मंदिर भी बन जाएगा। 

जब उनसे पूछा कि क्या राम मंदिर के लिए केंद्र सरकार बिल लाएगी तो उस पर उन्होंने गोलमाल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर जनमानस के साथ भाजपा की आस्था का विषय है, लेकिन विपक्ष की मंशा साफ नहीं है। अब विपक्षियों के हालात प्रसव पीढ़ा की तरह हो गए हैं। 

Back to top button