विवेक तिवारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी संदीप को क्लीन चिट देने की तैयारी

लखनऊ में हुए विवेक तिवारी गोलीकांड के आरोपी सिपाही प्रशांत और संदीप पर कार्यवाही करते हुए अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया था. फोरेंसिक जांच के बाद अब एसआईटी जांच अंतिम पड़ाव पर पहुँच गई है. जिसके बाद अब सूत्रों के अनुसार ये बात सामने आई है कि बर्खास्त सिपाही संदीप कुमार की वारदात में संलिप्तता सीधे तौर पर प्रकाश में नहीं आई है, जिसके चलते उन्हें क्लीन चिट दी जा सकती है.
हालांकि, अधिकारियों द्वारा अभी तक इस बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं बताया गया है. साक्ष्य संकलन और सना के बयान से यह बात सामने आई है कि संदीप बाइक पर पीछे बैठा हुआ था. प्रशांत के विवेक की कार के पास पहुंचने के बाद वह गाड़ी से उतरा था, संदीप ने प्रशांत को गोली मारने अथवा फायरिंग के लिए प्रेरित नहीं किया था. सिर्फ यही नहीं यह भी खुलासा हुआ है कि दोनों पहली बार एक साथ ड्यूटी कर रहे थे.
सूत्रों के हवाले से ये खबर सामने आ रही है कि संदीप को हत्या के आरोप से क्लीन चिट मिल सकती है. उधर, प्रशांत, संदीप और सना के बयानों, फॉरेंसिक विशेषज्ञों की राय और घटना के रीक्रिएशन से मिले साक्ष्य की पड़ताल के बाद एसआइटी इसपर विचार कर रही है. सूत्रों का कहना है कि प्रशांत ने किन परिस्थितियों में गोली मारी, इसका आंकलन किया जा रहा है, अफसर हत्या और गैर इरादतन हत्या में उलझे हुए हैं और इसका हल खोजने के लिए विचार कर रहे हैं.





