राम विलास वेदांती ने कहा- रामलला सबके हैं, मंदिर के लिए सभी आगे आए

अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के निर्माण के लिए चल रही गहमागहमी के बीच श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष रामविलास वेदांती ने कहा है कि रामलला सबके हैं. अयोध्या में राम मंदिर के लिए सभी को आगे आना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश में कहीं भी असहिष्णुता का माहौल नहीं है. बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की चर्चा करने और संतों को आशीर्वाद लेने के लिए मुंबई से शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे अयोध्या पहुंच चुके हैं. अपनी पत्नी और बेटे के साथ शनिवार को अयोध्या पहुंचे ठाकरे दोपहर करीब 3 बजे साधु-संतों के साथ मुलाकात करेंगे.
भगवान राम की नगरी अयोध्या में शनिवार को हलचल तेज हो गई है. यहां राम मंदिर निर्माण की मांग को लेकर शिवसेना और विश्व हिंदू परिषद अलग-अलग कार्यक्रम कर रहे हैं. शिवेसना यहां ‘आर्शीवाद उत्सव’ का आयोजन कर रही है तो विहिप रविवार को धर्मसभा का आयोजन कर रही है. इसके लिए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी अयोध्या पहुंच गए हैैं. यहांं वह साधु-संतोंं से मुलाकात करेेंगे.
सूत्रों के अनुसार, उद्धव ठाकरे राम मंदिर निर्माण के लिए महाराष्ट्र से अपने साथ चांदी की एक ईंट लेकर आ रहे हैं, जिसे वह संतों को सौंपेंगे. वहीं शिवसेना अध्यक्ष के साथ उनकी पत्नि रश्मि ठाकरे और उनके बेटे व शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे भी अयोध्या पहुंचे हैं.
मुख्यमंत्री योगी ने बुलाई बड़ी बैठक
अयोध्या में शनिवार को शिवसेना और रविवार को होने जा रहे विश्व हिंदू परिषद के कार्यक्रम को लेकर माहौल गरम है. इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या की मौजूदा स्थिति पर चर्चा के लिए बड़ी बैठक बुलाई है. यह बैठक शनिवार को लखनऊ में देर शाम 08:30 बजे होगी. माना जा रहा है कि इस बैठक में अयोध्या की मौजूदा स्थिति पर चर्चा हो सकती है.
आरती में होंगे शामिल
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे शनिवार को अयोध्या पहुंचे हैं. वह यहां साधु-संतों के साथ मुलाकात करेंगे. साथ ही 6 बजे सरयू घाट पर आरती में शामिल होंगे. इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी और बेटे आदित्य ठाकरे भी साथ रहेंगे. 25 नवंबर को वह सुबह 9 बजे राम जन्मभूमि में रामलला के दर्शन करेंगे. शिवसेना के इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दो ट्रेनों में शिवसैनिक अयोध्या पहुंच चुके हैं. पहली ट्रेन कल पहुंची थी और दूसरी ट्रेन शनिवार सुबह करीब 07:15 बजे अयोध्या पहुंची है.
कांग्रेस का निशाना
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेत प्रमोद तिवारी ने कहा है कि अयोध्या में 25 नवंबर को शिवसेना प्रमुख के आगमन से पहले वहां के माहौल को सांप्रदायिक बनाने की कोशिश की जा रही है, जो किसी भी हाल में नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि राम मंदिर का मामला अभी कोर्ट में है. इसलिए सभी को इंतजार करना चाहिए या फिर आपसी सहमति का रास्ता कोई निकल सके तो उस पर बात होनी चाहिए.
लेकिन जिस तरह से सरकार में शामिल सहयोगी दल और उनके नेता लगातार अयोध्या के माहौल को गर्मा रहे हैं, इससे वहां के हालात को खराब होने से कोई रोक नहीं सकता. केन्द्र और राज्य सरकार में शामिल लोग जिस तरह से एक भीड़ को लाने और लोगों को प्रेरित करने का काम कर रहे हैं तो वहां के हालात से निपटने और कानून व्यवस्था को बरकरार रखने की दोनों की जिम्मेदारी उन्हीं लोगों की होगी.
कल विहिप का कार्यक्रम
इसके अलावा रविवार को अयोध्या में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की तरफ से धर्मसभा का आयोजन किया गया है. शिवसेना प्रमुख के कार्यक्रम को देखते हुए अयोध्या की सुरक्षा चाकचौबंद कर दी गई है. शनिवार को अयोध्या के सभी स्कूल-कॉलेज भी बंद रखे गए हैं. साथ ही बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है.





