तेज प्रताप का कैसा ट्वीट- ‘टूटे से फिर ना जुटे, जुटे गांठ परि जाय’

आरजेडी नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव परिवार से नाराज चल रहे हैं. अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय के साथ तलाक लेने का ऐलान करने के बाद से ही तेजप्रताप पटना से दूर यूपी के वृंदावन में प्रवास कर रहे हैं और मंदिर-मंदिर घूमकर भक्ति में लीन हैं. तेज प्रताप और ऐश्वर्या के परिवार की तरफ से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि वो अपनी पत्नी को तलाक देने का फैसला बदल दें लेकिन तेजप्रताप हैं कि किसी की बात मान ही नहीं रहे.
तेजप्रताप यादव के ट्वीट ने एक बार फिर से ये चर्चा गरम कर दी है कि वह ऐश्वर्या राय से अपने रिश्ते की नई शुरुआत के पक्ष में नहीं हैं. गुरुवार देर रात उन्होंने एक ट्वीट किया. इसमें उन्होंने लिखा, ‘टूटे से फिर ना जुड़े, जुड़े गांठ परि जाए’. जाहिर है तेजप्रताप का ये ट्वीट इसी ओर इशारा कर रहा है कि वे तलाक के अपने निर्णय से पीछे नहीं हटने जा रहे हैं.
आपको बता दें कि आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने पटना की फैमिली कोर्ट में अपनी पत्नी से तलाक की अर्जी दाखिल की है. एक नवंबर को दाखिल की गई इस अर्जी में उन्होंने अपनी पत्नी से अलग होने के लिए कई तर्क दिए हैं. इस मामले की सुनवाई 29 नवंबर को होनी है. जाहिर है सुनवाई से छह दिन पहले इस ट्वीट से स्पष्ट है कि वे अपने निर्णय पर कायम हैं.
…टूटे से फिर ना जुटे, जुटे गाॅठ परि जाये ।।
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) November 22, 2018
हालांकि तेजप्रताप अपना निर्णय बदलें इसके लिए परिवार के लोग पूरा प्रयास कर रहे हैं. हाल में ही सास पूर्णिमा राय ने राबड़ी देवी से मुलाकात भी की थी. हालांकि मुलाकात के बाद वहां से निकलते वक्त उनको रोते हुए देखा गया था. इसके बाद राबड़ी देवी ने तेजप्रताप यादव से दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें मनाने की कोशिश की थी.
माना जा रहा है कि तेजप्रताप पहले से थोड़ा सॉफ्ट जरूर हुए हैं. लेकिन गुरुवार के उनके ट्वीट के बाद एक बार फिर ये लग रहा है कि वह अपना फैसला वापस नहीं लेने वाले हैं. हालांकि ऐसी खबरें हैं कि उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव अभी भी दिल्ली में हैं और बड़े भाई को मनाने की कोशिश में लगे हैं.





