अयोध्या में होने वाली धर्मसभा बैठक को लेकर संघ ने की संतों के साथ मंत्रणा

अयोध्या में 25 दिसंबर को आयोजित धर्मसभा की तारीख ज्यों-ज्यों नजदीक आ रही है त्यों-त्यों संघ परिवार की सक्रियता बढ़ती जा रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष नेतृत्व अयोध्या से लगातार संपर्क में है। संघ के सहसरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल सोमवार को खुद अयोध्या पहुंच रहे हैं।
वह वहां संतों के साथ बातचीत करेंगे। विहिप के पदाधिकारियों के साथ भी उनकी बैठक तय है। संघ परिवार के अन्य संगठनों के प्रतिनिधि भी बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके लिए विहिप व संघ परिवार के अन्य प्रमुख संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों को भी बुलाया गया है।
इस बीच, विहिप की तैयारी धर्मसभा के लिए 75 गुणा 35 मीटर मंच बनाकर उस पर संतों को बैठाने की है। जिससे संत सभा में आने वालों को श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर भव्य मंदिर बनाने का संकल्प दिलाएंगे।
अयोध्या की सभा के लिए संघ ने सारी तैयारियों की कमान खुद संभाल ली है। जगह-जगह स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। संघ की रणनीति अयोध्या और आसपास से विशेष भीड़ जुटाने की है।





