वाहन के रौंदने से मरा मगरमच्छ

देव श्रीवास्तव/लखीमपुर-खीरी।

तालाब से निकल कर सड़क पार कर रहे एक मगरमच्छ के बच्चे को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही दबकर मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को पशु चिकित्सालय ले जाकर पीएम कराने के बाद दफना दिया है।
निघासन पलिया मार्ग के बम्हनपुर ईंट भट्ठे के पास सड़क के किनारे एक मगरमच्छ के बच्चे का शव बरामद हुआ। मगरमच्छ के मरने की जानकारी राहगीरो ने लुधौरी व मझगईं वन रेंज को दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुचे मझगईं रेंज के वन दरोगा विक्रम सिंह व अरुण कुमार, वन रक्षक सूरजभान सहित पांच सदस्यों की टीम ने मगरमच्छ के शव को कब्जे में लेकर उसे निघासन के राजकीय पशु चिकित्सालय लाकर मौजूद पशु चिकित्सक डा. राजवीर सिंह व डा. अवध कुमार सहित दो चिकित्सकों के पैनल से पीएम कराया ओर पुनः वापस ले जाकर जंगल में उसे दफना दिया।
वन दरोगा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बच्चा रात में सड़क पार कर रहा होगा। उसी समय किसी चार पहिया वाहन ने इसे ठोकर मार दी है। जिससे मगरमच्छ के बच्चे की मौत हुई है और बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।

Back to top button