बड़ी खुशखबरी: पावर कार्पोरेशन ने धनतेरस व दिवाली पर कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति का किया फैसला

धनतेरस व दिवाली पर प्रदेश में कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति की जाएगी। दिवाली पर आपूर्ति दुरुस्त रखने के लिए पावर कॉर्पोरेशन ने अतिरिक्त बिजली का भी इंतजाम किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पावर कॉर्पोरेशन ने धनतेरस व दिवाली पर सभी जिलों में कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति का फैसला किया है। स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के अधिकारियों के अनुसार दिवाली पर प्रदेश में बिजली की मांग करीब 16,500 मेगावाट रहने का अनुमान है।
सभी स्रोतों से 15000-16000 मेगावाट की उपलब्धता संभावित है। किसी तरह की समस्या न हो, इसके मद्देनजर दोनों दिन पीक आवर्स में लगभग 1000 मेगावाट अतिरिक्त बिजली केंद्र के दीप बिडिंग पोर्टल के जरिए खरीदने का फैसला किया गया है।
प्रमुख सचिव ऊर्जा व पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सरकारी व गैरसरकारी बिजली उत्पादन इकाइयों से भी अधिक बिजली लेने की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने एनर्जी एक्सचेंज से भी बिजली खरीदने का विकल्प खुला रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि दिवाली पर पर्याप्त बिजली की उपलब्धता रहेगी।





