#MeToo मामले पर राहुल गांधी ने पंजाब सरकार और पार्टी से पूछा- क्या कार्रवाई हुई
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने प्रदेश इकाई के साथ-साथ मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से यह भी पूछ लिया है कि इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है? माना जा रहा है कि मीटू के ही एक मामले में मोदी सरकार के एक मंत्री का इस्तीफा दिलवा चुकी कांग्रेस पंजाब के मामले में विपक्ष के हाथ कोई मुद्दा नहीं देना चाहती। यह भी कयास लगाए जाने लगे हैं कि सीएम के अगले हफ्ते पंजाब पहुंचते ही इस मामले में तुरंत कार्रवाई होगी।
विधायक मामले को रखना चाहते हैं जीवित
दरअसल, आरोपी मंत्री को लेकर जहां पार्टी आलाकमान की नाराजगी बढ़ गई है, वहीं कैबिनेट में जगह बनाने की आस लगाए बैठे पंजाब के कई विधायक भी इस मामले को लगातार जीवंत बनाए रखना चाहते हैं और वे कैप्टन की गैरमौजूदगी में इससे संबंधित खबरें आलाकमान तक पहुंचा रहे हैं। मंत्री पद के दावेदार एक विधायक ने नाम न छापने की शर्त पर यहां तक कहा कि केवल एक मंत्री नहीं अभी कुछ और मंत्रियों का कच्चा-चिट्ठा उजागर होगा। कैबिनेट में कई सीटें खाली होंगी।
पीपीसीसी ने सीएम पर टाला मामला
दूसरी ओर, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी शनिवार को भी इस बात पर कायम रही कि उसके संज्ञान में मीटू का कोई मामला नहीं लाया गया है। न तो कोई शिकायतकर्ता है और न ही कोई आरोपी है। केवल चर्चाएं चल रही हैं, जिनपर कोई फैसला नहीं लिया जा सकता। राहुल गांधी द्वारा मामले पर मांगी गई जानकारी के बारे में स्पष्ट जवाब न देते हुए पार्टी की ओर से यही कहा गया कि पूरा मामला मुख्यमंत्री के पास पहुंचा था और उन्होंने ही इसका निपटारा भी कर दिया है। ऐसे में अंतिम फैसला मुख्यमंत्री द्वारा ही लिया जाएगा।





