क्या अपने से कम उम्र लड़कों के साथ खुश रहती हैं महिलाएं

प्यार के आगे उम्र की सीमा और जन्म के बंधनों को तोड़ने की बात करती जगजीत सिंह की गाई यह ग़ज़ल सालों से कई महफ़िलों को गुलज़ार करती रही है.
प्यार में उम्र की सीमाएं तोड़ती ऐसी ही एक तस्वीर कुछ दिन पहले देखने को मिली, जब बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने खुद से 10 साल छोटे अमरीकी गायक और अपने दोस्त निक जोनास के साथ सगाई कर ली है.
इस ख़बर के सामने आने के बाद दोनों सेलिब्रिटियों को तमाम जगहों से बधाई संदेश मिलने लगे.
इन बधाई संदेशों के साथ-साथ एक और मुद्दे पर बहस होने लगी कि किसी संबंध में उम्र का फ़ासला कितना मायने रखता है. साथ ही शादी के लिए लड़की का लड़के से उम्र में बड़ा होना सामाजिक ताने-बाने के विपरीत तो नहीं है.
एक साल पहले जब इमैनुएल मैक्रों फ़्रांस के राष्ट्रपति चुने गए तो उनके राष्ट्रपति की गद्दी तक पहुंचने के अलावा एक और ख़बर सुर्खियों में आई, यह ख़बर थी उनके रिलेशनशिप स्टेटस के बारे में.
मैक्रों की पत्नी और फ़्रांस की फर्स्ट लेडी ब्रिजेट मैक्रों उनसे 24 साल बड़ी हैं. जिस वक़्त इमैनुएल स्कूल में थे तब ब्रेजिट उनकी टीचर थीं, और दोनों के बीच उसी समय प्रेम परवान चढ़ा था.
समाज में एक आम धारणा है कि शादी के वक्त महिला की उम्र पुरुष से कम होनी चाहिए. भारत में सरकार की तरफ से शादी की क़ानूनन उम्र लड़के के लिए 21 साल है तो लड़की के लिए 18 साल.
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या जब किसी शादी में लड़की की उम्र लड़के से ज़्यादा हो जाती है तो क्या वे समाज के बनाए नियम के विपरीत जा रहे होते हैं?
बड़ी उम्र की महिलाओं का कम उम्र के युवकों के साथ संबंध बनाना या शादी करना, उनके पुराने अनुभवों के आधार पर होता है. ”कोई बड़ी उम्र की महिला अपने पुराने अनुभवों से सबक लेते हुए आगे बढ़ती है, वह अपने जीवन में काफी कुछ सीख चुकी होती है और उम्र के एक पड़ाव पर आने के बाद उसे लगता है कि अब उसके जीवन में जुड़ने वाला व्यक्ति उस पर अपना प्रभुत्व ना जमाए, ऐसे में वो कम उम्र के लड़कों के साथ सहज होती हैं.”
फ़िल्म ‘दिल चाहता है’ में अक्षय खन्ना ने जिस लड़के का किरदार निभाया है, उसे खुद से उम्र में बड़ी महिला से प्यार हो जाता है. यह बात वह अपने सबसे जिगरी दो दोस्तों को बताते हैं, लेकिन उनके दोस्त उनके प्यार की गहराई को समझने की जगह उनका मज़ाक बनाने लगते हैं.
इस फ़िल्म में दिखाए गए मज़ाकिया सीन दरअसल इस तरह के रिश्तों की हक़ीकत बयान करते हैं.
दिल्ली के उत्तम नगर में रहने वाली मानसी भी अपने पति से पांच साल बड़ी हैं, उनकी शादी साल 2012 में हुई थी. पति-पत्नी के बीच आपसी समझ बेहद अच्छी है लेकिन कभी-कभी मानसी की सहेलियां उन्हें ये कहते हुए ज़रूर चिढाती हैं कि तुमने बच्चे से शादी कर ली.
मानसी यह बात भले ही हसंते हुए बताती हैं लेकिन इस तरह के मज़ाक कई दफ़ा गंभीर परिणामों में बदल जाते हैं.
अगर दो लोगों के बीच उम्र में बहुत अधिक फ़ासला है तो उसके अलग-अलग तरह के परिणाम देखने को मिलते हैं. जैसे अगर लड़की की उम्र 40 से अधिक हो जाए और तब वह रिश्ते में आती है तो प्रेगनेंसी से जुड़ी समस्याएं हो सकती है. इसी तरह मानसिक रोग भी अधिक उम्र के साथ बढ़ने लगते हैं.
अगर दो लोग एक उम्र के नहीं हैं तो उन्हें आपस में तालमेल बैठाने की समस्या का सामना करना पड़ता है.





