मुजफ्फरपुर कांड में SC ने बिहार सरकार और CBI को लगाई फटकार

न्यायालय ने ब्रजेश ठाकुर को नोटिस जारी करके पूछा है कि उसे बिहार के बाहर किसी भी जेल में स्थानांतरित क्यों नहीं कर दिया जाए? बता दें कि फिलहाल ब्रजेश ठाकुर भागलपुर की जेल में बंद है।
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में बिहार की पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के पति चंद्रशेखर वर्मा का पता लगाने में हुई देरी पर बिहार सरकार और सीबीआई को फटकार लगाई है और इस बाबत उनसे जवाब मांगा है।
दरअसल, सीबीआई ने इस मामले पर स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की थी, जिसपर सुनवाई करते हुए जस्टिस मदन बी लोकुर की पीठ ने कहा कि मामले की जांच के बारे में सीबीआई द्वारा दिया गया विवरण ‘भयानक’ और ‘डरानेवाला’ है।
बता दें कि इस मामले में सीबीआई ने ब्रजेश ठाकुर के चचेरे मामा रामानुज ठाकुर को भी गिरफ्तार किया है। उसे समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाने के रोहुआ गांव से पकड़ा गया है। बुधवार को उसे पॉक्सो कोर्ट में भी पेश किया गया था, जहां से अदालत ने उसे सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है।
पीड़ित बच्चियों ने रामानुज ठाकुर के खिलाफ भी दिया था बयान
गौरतलब है कि बालिका गृह की पीड़ित बच्चियों ने रामानुज ठाकुर के खिलाफ भी बयान दिया था। बालिका गृह के कर्मचारी और ब्रजेश ठाकुर के परिजन उसे कान्हा के नाम से जानते थे। हालांकि छापेमारी के दौरान वो और ब्रजेश ठाकुर दोनों वहां से फरार हो गए थे।





