ICC वन-डे रैंकिंग: वनडे की नंबर.1 महिला गेंदबाज बनी पाकिस्तानी सना मीर

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी ऑलराडंर और पूर्व कप्तान सना मीर ताजा महिला वन-डे रैंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज बनी हैं। सना मीर ने इतिहास रचा क्योंकि वह अपने देश की पहली ऐसी गेंदबाज हैं, जिन्होंने आईसीसी महिला वन-डे रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया।

पाकिस्तान की ऑस्ट्रेलिया के हाथों आईसीसी महिला चैंपियनशिप सीरीज में 0-3 की शिकस्त के बावजूद मीर नंबर-1 बनीं। मीर को उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के चलते रैंकिंग में शीर्ष स्थान मिला।

सना मीर ने तीन मैचों में कुल 7 विकेट लिए और करियर के सर्वश्रेष्ठ 663 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंची। उन्हें तीन स्थान का फायदा हुआ। इस दौरान मीर ने दक्षिण अफ्रीका की मरिजाने कैप और ऑस्ट्रेलिया की मेगन शूट व जेस जोनासेन को पीछे छोड़ा।

पिछले कुछ सालों में मीर ने पाकिस्तान के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। मीर की टीम हालांकि, आईसीसी महिला चैंपियनशिप टूर्नामेंट में छठें स्थान पर रही। पाकिस्तान की अनुभवी ऑलराउंडर ने ट्विटर पर उन सभी को धन्यवाद दिया, जो उनके करियर में शामिल रहा। उन्होंने कोच मार्क कोल्स के लिए विशेष शब्द भी कहे। मीर ने बताया कि टीम में उन्हें उम्र की वजह से नहीं बल्कि उनकी शैली के कारण चुना गया।

मीर ने ट्विटर पर लिखा, ‘खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की मदद से मैं आगे बढ़ी। मैं आईसीसी को भी धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने हमें आईसीसी महिला चैंपियनशिप द्वारा बड़ी टीमों के खिलाफ नियमित मौके दिए। कोच मार्क कोल्स को विशेष धन्यवाद, जिन्होंने मुझे उम्र नहीं बल्कि शैली के कारण चुना।’ऑलराउंडर ने मौजूदा 2017-20 आईसीसी महिला चैंपियनशिप में गजब का प्रदर्शन किया है। मीर ने 9 मैचों में 12.75 की औसत से 24 विकेट लिए।

Back to top button