खशोगी की मौत में सऊदी का हाथ हुआ तो ‘बेहद गंभीर’ हो सकते हैं परिणाम

यह पहली बार है जब अमेरिका ने आधिकारिक तौर पर खशोगी की मौत के संबंध में कुछ स्वीकार किया है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि सऊदी अरब के लापता पत्रकार जमाल खशोगी मर चुके हैं. एक अभियान रैली के लिए मोंटाना रवाना होने के दौरान उन्होंने ज्वाइंट फोर्स बेस एंड्र्यूज में संवाददाताओं से कहा, ‘मुझे निश्चित तौर पर लगता है कि उनकी मौत हो गई है. यह बेहद दुखद है. अगर इस मौत के पीछे सऊदी अरब का हाथ हुआ तो परिणाम ‘बेहद गंभीर’ हो सकते हैं.
ट्रंप ने अब तक सऊदी अरब के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई करने के बारे में कुछ नहीं कहा था. यह पहली बार है जब अमेरिका ने आधिकारिक तौर पर खशोगी की मौत के संबंध में कुछ स्वीकार किया है.
ट्रंप ने कहा, ‘हम कुछ जांचों एव‍ं परिणामों का इंतजार कर रहे हैं. हमारे पास बहुत जल्द परिणाम होंगे और मुझे लगता है कि मैं बयान देने वाला हूं और बहुत सख्त बयान देने वाला हूं. लेकिन हम तीन अलग-अलग जांचों का इंतजार कर रहे हैं और हम बहुत जल्द इसकी तह तक पहुंचने में कामयाब हो जाएंगे.’
ट्रंप का यह बयान सऊदी अरब एवं तुर्की के दौरे से लौटे विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ द्वारा जांच की जानकारी देने के बाद आया है. इस महीने की शुरुआत में तुर्की की राजधानी इस्तांबुल स्थित सऊदी अरब के दूतावास में प्रवेश करने के बाद से लापता हुए खशोगी के संबंध में आशंका है कि दूतावास के भीतर ही उनकी हत्या कर दी गई है. इस घटना के बाद से विश्व भर में और उससे भी ज्यादा अमेरिका में रोष है. खशोगी अमेरिका के स्थाई निवासी थे और ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ अखबार के लिए काम कर रहे थे.

Back to top button