अमर सिंह की तरफ से आजम खां के खिलाफ दर्ज मामले की शुरू हुई जांच

राज्यसभा सांसद अमर सिंह की तरफ से सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री आजम खां के खिलाफ दर्ज मामले की लखनऊ की गोमतीनगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकी सिंह का कहना है कि अमर सिंह ने आजम खां के बयान के वीडियो की सीडी सौंपी है जिसे अधिकारियों से चर्चा के बाद जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
साथ ही अमर सिंह के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आजम खां ने बयान किस न्यूज चैनल पर कब दिया, फिलहाल यह जानकारी जुटाई जा रही है। अमर सिंह की तरफ से दी गई सीडी भी देखी जा रही है। सीडी की सत्यता के लिए संबंधित न्यूज चैनल से भी संपर्क किया जाएगा।
इसकी फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी। उन्होंने कहा, अधिकारियों के निर्देश पर ही आगे की कार्रवाई की जा रही है। एफआईआर में लगाए गए आरोपों पर विधिक राय भी ली जा रही है। चूंकि मामला राजनीतिक है इसलिए पुलिस फूंक-फूंककर कदम रख रही है।





