महिलाओं के बीच पैठ बनाने के लिए सपा चलाएगी अभियान : गीता सिंह
गोरखपुर। समाजवादी पार्टी हर वर्ग व धर्म के लोगों को साथ लेकर चलती है। सपा सरकार में महिलाओं के विकास को लेकर अनेक योजनाएं चलाई जा रही थीं लेकिन वर्तमान सरकार ने महिलाओं को हासिए पर डाल दिया है। पार्टी महिलाओं के बीच और अच्छी पैठ बनाएगी तथा आगामी लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करके महिला सभा अपने ताकत का एहसास कराएगी। इसके लिए कार्यकर्ता अभियान चलाएं। यह बातें सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह ने कहीं। वह सहजनवां के भीटी रावत चौराहे पर महिला कार्यकर्ताओं के तरफ से किए जा रहे स्वागत के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित कर रही थीं। 
गांव-गांव जाएं कार्यकर्ता
उन्होंने कहा कि महिला सभा के कार्यकर्ता गांव और गली में जाकर किचन तक पैठ बनाएं तथा केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के जन विरोधी नीतियों से अवगत कराते हुए उनकी समस्या का समाधान कराएं। स्वागत के दौरान फूल-मालाओं से लादकर गगनभेदी नारे लगाए गए। इस अवसर पर महिला सभा की जिलाध्यक्ष डा. जानकी यादव, जिला उपाध्यक्ष दूजा देवी, सहजनवां विधान सभाध्यक्ष अनारकली, शशिलता मिश्रा, उषा शुक्ला, चंदावती देवी, सुमन, सुमित्रा, संगीता, सरिता देवी, रंजना, इमीरता, मंथरा, अनीता आदि उपस्थित रहीं।
बूथ तक सक्रिय किए जाएंगे कार्यकर्ता
गोरखपुर में बेतियाहाता स्थित सपा कार्यालय पर आयोजित समाजवादी महिला सभा की मंडलीय समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा। लोकसभा चुनाव में इनका महत्वपूर्ण योगदान होगा। बैठक में जिला, महानगर गोरखपुर, देवरिया व कुशीनगर की पदाधिकारियों ने भाग लिया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बूथ स्तर पर 10-10 महिलाओं को सक्रिय बनाकर आने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी की समीक्षा की जा रही है। महिलाएं बूथ स्तर तक सक्रिय रहें, जिससे पार्टी को लोकसभा चुनाव में अप्रत्याशित जीत मिले। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेटियों व महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है। जनहित के मुद्दों पर सरकार उदासीन है। आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है।





