जम्मू-कश्मीर: भाजपा ने हिजबुल प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन को दी चुनाव लड़ने की चुनौती
भाजपा नेता और पार्टी उपाध्यक्ष सोफी युसुफ ने आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन को यहां आकर चुनाव में शामिल होने की चुनौती दी है। सोफी का बयान ऐसे समय में आया है जब रियासत में तीन चरण के निकाय चुनाव का मतदान हो चुका है और चौथे चरण के लिए 16 अक्तूबर को मतदान होना है।
खनाबल में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सोफी ने कहा कि, सलाहुद्दीन इन दिनों पाकिस्तान में है उसे चाहिए कि वह यहां आकर चुनाव का हिस्सा बनें और लोगों की समस्याओं को खत्म करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह पंचायत चुनाव में भाग लें। जितने भाजपा प्रत्याशी चुनाव में भाग लेंगे वह भारी मतों से विजयी होंगे। रियासत की दो प्रमुख पार्टियों ने इन चुनावों में भाग नहीं लिया जबकि पर्दे के पीछे से इन पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।
रियासत की जनता जानती है कि यहां भाजपा ने विकास के रफ्तार को तेज किया जबकि पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस ने जनता को बेवकूफ बनाया। आने वाले पंचायत चुनाव में भाजपा को हर जगह सफलता मिलेगी। जनता ने घरों से निकल कर बहिष्कार करने वालों को सबक सिखाया है। पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस नहीं चाहती थी कि यहां निकाय और पंचायत के चुनाव हों।





