मोदी के साथ ब्रिटिश पीएम ने किया ‘टेक समिट’ का उद्घाटन

भारत दौरे पर आईं ब्रिटेन की पीएम थेरेसा मे और पीएम नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में सोमवार को ‘भारत-ब्रिटेन प्रोद्यौगिकी सम्मेलन’ का उद्घाटन किया। इस सम्मेलन के उद्घाटन के मौके पर थेरेसा ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के संबंधों में बेहद संभावनाएं हैं, और दोनों देशों के बीच एक खास जुड़ाव भी है। थेरेसा ने कहा, ‘भारतीय निवेश हमारी अर्थव्यवस्था के फलने-फूलने में मदद कर रहा है। हम ब्रिटेन में आर्थिक और सामाजिक सुधारों पर काम कर रहे हैं।’

moti-tech-summit

यूरोपीय संघ के बाहर अपनी पहली राजकीय विदेश यात्रा के लिए थेरेसा ने भारत को चुना है। इसके लिए पीएम मोदी ने उनका धन्यवाद अदा किया। पीएम मोदी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि आपने यूरोपीय संघ के बाहर अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा के लिए भारत को चुना।’ उन्होंने ने कहा, ‘पिछले कुछ समय में ब्रिटेन ने लगातार विकास किया है। सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं, साफ ऊर्जा, प्रोद्यौगिकी और कई सेक्टर में दोनों देशों के लिए इनोवेशन की खूब संभावनाएं हैं।’

पीएम नरेंद्र मोदी ने ये भी कहा कि भारत और ब्रिटेन को शोध के लिए लगातार काम करना चाहिए ताकि मिलकर वैश्विक चुनौतियों का सामना किया जा सके। मोदी बोले कि वे उम्मीद करते हैं कि ‘मेक इन इंडिया’ भारत और ब्रिटेन के बीच द्विपक्षीय संबंधों के हिसाब से अहम होगा।

 

-साभार अमरउजाला.कॉम

Back to top button