अकेलेपन से निपटने को ब्रिटिश सरकार की खास योजना, बनाया विशेष मंत्रालय

लंदन। अकेलेपन और डिप्रेशन यानी अवसाद से निपटने के लिए ब्रिटिश सरकार आज खास योजना पेश करेगी। दरअसल, इस साल जनवरी में ऐसी समस्याओं से निपटने के लिए वहां की सरकार ने एक मंत्रालय ने बनाया था, जिसका प्रभार ट्रेसी क्राउच को सौंपा गया था।

इस मंत्रालय द्वारा की गई रिसर्च से पता चला है कि अकेलेपन की समस्या वृद्धों के मुकाबले युवाओं में ज्यादा है। द संडे टाइम्स को दिए साक्षात्कार में ट्रेसी क्राउच ने कहा कि अकेलेपन की समस्या किसी को भी हो सकती है। आंकड़ों के मुताबिक, 16-24 साल के युवाओं में यह ज्यादा देखने को मिलती है। मंत्रालय की यह योजना उन लोगों के लिए भी कारगर साबित होगी, जो हाल-फिलहाल में माता-पिता बने हैं और बच्चे के आने के बाद खुद को अलग-थलग महसूस कर रहे हैं।

क्राउच ने बताया कि जनवरी, 2018 में उनके नियुक्त होने के बाद उन्हें कई ईमेल मिले, जिनमें लोगों ने उन्हें अपने डिप्रेशन और अकेलेपन की समस्या के बारे में बताया। बता दें कि डिप्रेशन की समस्‍या से विश्‍वभर के लोग जूझ रहे हैं। भारत में भी इस बीमारी की ओर लोगों का ध्‍यान आकर्षित कराना और खुलकर बोलने को लेकर कई अभियान चलाए जा रहे हैं।

Back to top button