इस भारतीय मूल के दंपति के नाम पर रखा जाएगा ह्यूस्टन यूनिवर्सिटी की बिल्डिंग का नाम
अमेरिका की ह्यूस्टन यूनिवर्सिटी की एक इमारत का नाम भारतीय मूल के अमेरिकी दंपति के नाम पर रखा जाएगा, जिन्होंने यहां की की फैकल्टी, छात्रों और शोध के लिए अच्छी खासी रकम का योगदान दिया है। यूनिवर्सिटी की भारतीय अमेरिकी अध्यक्ष रेणु खटोर ने बताया कि इंजीनियरिंग रिसर्च बिल्डिंग को दुर्गा डी अग्रवाल और सुशीला अग्रवाल का नाम दिया जाएगा, जिन्होंने यूनिवर्सिटी को बड़े पैमाने पर अनुदान दिया है।
इस इमारत की कुल लागत पांच करोड़ दस लाख डालर है। इसे 2017 में खोला गया था। इस इमारत के एक तल को पहले ही इस दंपति का नाम दिया जा चुका है। दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करने के बाद दुर्गा अग्रवाल 1968 में ह्यूस्टन आए थे। उन्होंने यूएच कुलेन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मास्टर की डिग्री हासिल की और पीएचडी की।
अग्रवाल ने कहा, ‘छात्रों को मेरा संदेश यही है कि हमेशा आशावादी रहें। कोई भी व्यक्ति कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण भावना से मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य को भी हासिल कर सकता है।’





