INDvWI: वेस्टइंडीज की पहली पारी 311 रन पर सिमटी, इस भारतीय खिलाड़ी ने झटके 6 विकेट

रोस्टन चेस (106) और जेसन होल्डर (52) की शानदार पारियों की बदौलत हैदराबाद टेस्ट के दूसरे दिन वेस्टइंडीज की पहली पारी 101.4 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हुई। भारत की तरफ से उमेश यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके।

राजीव गांधी स्टेडियम पर शनिवार को वेस्टइंडीज ने अपनी पारी 7 विकेट पर 295 रन के स्कोर से आगे बढ़ाई। उमेश यादव ने दूसरे दिन के पहले ही ओवर में बिशु को क्लीन बोल्ड करके मेहमान टीम पर दबाव बना दिया। 

इसके बाद रोस्टन चेस ने कुलदीप यादव द्वारा किए पारी के 97वें ओवर की पहली गेंद पर मिडविकेट की दिशा में हल्के हाथों से शॉट खेलकर एक रन लिया और अपना चौथा टेस्ट शतक पूरा किया। भारत के खिलाफ चेस ने दूसरा शतक जमाया। उन्होंने 176 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से सैकड़ा पूरा किया।

उमेश यादव ने शतकवीर चेस को क्लीन बोल्ड करके वेस्टइंडीज को नौवां झटका दिया। इसके बाद यादव ने शेनन ग्रैबिएल को पंत के हाथों कैच आउट कराकर मेहमान टीम की पारी को ऑलआउट किया। टीम इंडिया की तरफ से उमेश यादव ने सर्वाधिक 6 विकेट झटके। उल्लेखनीय है कि दूसरे दिन उमेश ने विंडीज टीम के तीनों विकेट गिराए। इसके अलावा चाइनामैन कुलदीप यादव ने तीन जबकि एक विकेट रविचंद्रन अश्विन को मिला।

टीमें:

टीम इंडिया – विराट कोहली (कप्तान), पृथ्वी शॉ, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, उमेश यादव और शार्दुल ठाकुर।

वेस्टइंडीज – क्रैग ब्रेथवेट, काइरन पॉवेल, शाई होप, सुनील एंब्रिस, शिमरोन हेटमायर, रोस्टन चेस, शेन डॉरिच, जेसन होल्डर (कप्तान), जोमेल वॉरिकन, देवेंद्र बिशु और शेनन गेब्रियल।

Back to top button