शार्दुल ठाकुर का डेब्यू टीम इंडिया के लिए बना बेहद खास, 5 साल बाद दोहराया यह कारनामा
टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शुक्रवार से हैदराबाद में शुरू हुए दूसरे व अंतिम टेस्ट में तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को डेब्यू करने का मौका दिया। ठाकुर टीम इंडिया के 294वें टेस्ट क्रिकेटर बने। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज करीब दो साल से टेस्ट डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं और आखिरकार उन्हें यह सफलता राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में हाथ लगी। कोच रवि शास्त्री ने शार्दुल को टेस्ट कैप सौंपी।
शार्दुल इस साल टीम इंडिया की तरफ से टेस्ट डेब्यू करने वाले पांचवें क्रिकेटर बने। इससे पहले जसप्रीत बुमराह (दक्षिण अफ्रीका दौरा), ऋषभ पंत (इंग्लैंड दौरा), हनुमा विहारी (इंग्लैंड दौरा) और पृथ्वी शॉ (वेस्टइंडीज पहला टेस्ट) भारतीय टीम की तरफ से टेस्ट डेब्यू करने में कामयाब रहे।
टीम इंडिया में पांच साल बाद यह कारनामा दोहराया जा रहा है जब एक साल में 5 खिलाड़ियों ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया हो। इससे पहले 2013 में पांच खिलाड़ियों ने टीम इंडिया की तरफ से अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। इसमें मोहम्मद शमी, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, शिखर धवन और भुवनेश्वर कुमार शामिल थे।
शार्दुल का डेब्यू इसी लिहाज से खास बन गया है क्योंकि 5 साल के बाद टीम इंडिया में एक साल में इतने खिलाड़ियों ने डेब्यू किया है। बता दें कि शार्दुल ठाकुर को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मोहम्मद शमी की जगह शामिल किया गया है।
टीम इंडिया फिलहाल मौजूदा दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त पर है। विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया ने राजकोट में खेले गए पहले टेस्ट को पारी और 272 रन के विशाल अंतर से जीता था। यह टेस्ट इतिहास में रन के अंतर से टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत भी रही।
👏👏 Proud moment for @imShard as he receives his Test cap from @RaviShastriOfc, becomes the 294th player to represent #TeamIndia in Tests.#INDvWI pic.twitter.com/2XcClLka9a
— BCCI (@BCCI) October 12, 2018





