पंजाबः युवक की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा, रेल ट्रैक किया जाम

पंजाब के मानसा में एक युवक की माल गाड़ी के नीचे आकर मौत हो गई। इसके बाद मृतक के माता पिता ने गांव बप्पियाना निवासियों के साथ पहले थाना सिटी -1 और फिर स्टेशन के सामने रेलवे लाइन पर धरना लगाकर रेल यातायात ठप कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जुगराज सिंह बप्पियाना ने खुदकुशी नहीं की, बल्कि एक महिला द्वारा उसको गाड़ी के नीचे धक्का दिया गया था। वे महिला के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे थे। हालांकि रेलवे पुलिस इस पर 306 का मामला दर्ज करने की बात कह रही है।पंजाबः युवक की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा, रेल ट्रैक किया जाम

रेलवे स्टेशन की लाइनों पर धरना लगाकर बैठे गांव के पंच चमकौर सिंह, जगदेव सिंह, विद्यार्थी नेता प्रदीप गुरु ने कहा कि जुगराज सिंह को पहले एक विवाहिता महिला ने गांव झंडूके में अपने पीछे लगाया और फिर वह पीछा करते हुए उसके गांव बप्पीआना भी आ गई। घर आकर उसके परिवार को काफी बुरा भला कहा। इसके बाद दोनों का झगड़ा भी हुआ और इस संबंध में एक शिकायत पुलिस को भी दी गई। 

उन्होंने बताया कि इस दौरान विवाहिता ने जुगराज सिंह को अपने प्रेम संबंधों के कारण एक साथ दुनिया को अलविदा कहने की बात कही। दोनों खुदकुशी करने के लिए रेलवे लाइन मानसा अंडर ब्रिज के पास पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि महिला ने जुगराज सिंह को गाड़ी के आगे धक्का दे दिया और खुद एक तरफ हो गई। 

प्रदर्शनकारियों ने पहले थाना सिटी-1 और फिर रेलवे लाइन पर धरना देकर रेल यातायात ठप कर दिया। इस कारण दो पैसेंजर गाड़ियां सद्दा सिंह वाला और नरिन्दरपुरा स्टेशन पर रुकी रही। देर रात खबर लिखे जाने तक धरना जारी था। रेलवे पुलिस चौकी मानसा के प्रमुख जगजीत सिंह का कहना है कि यह मामला खुदकुशी का है। पुलिस मामला दर्ज करने को तैयार है, लेकिन जांच के बाद ही कत्ल का मामला दर्ज किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस पर बनती कार्रवाई करेगी। 

Back to top button