अमरिंदर ने बादल पर उनके गृह क्षेत्र लंबी में किया हमला, साथ ही लांच किया ‘मिशन 13’

आज पंजाब में ‘ग्रेट पॉलिटिकल वार’ दिखा। मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के क्षेत्र लंबी के गांव किल्लियांवाली में रैली की ताे बादल ने पटियाला में रैली की। कांग्रेस की रैली में कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने बादल परिवार पर हमला करते हुए 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अभियान का बिगुल बजा दिया। उन्‍होंने शिेरोमणि अकाली दल पर निशान साधते हुए कहा है पंजाब की जनता विधानसभा चुनाव की तरह अगले साल के लोकसभा चुनाव में भी शिअद को सबक सिखाएगी। पंजाब के लोग केंद्र में भी कांग्रेस के नेतृत्‍व में सरकार बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग यह सुनिश्चित करें कि केंद्र में 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के नेतृत्‍व में यूपीए की सरकार बने। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस ने पार्टी आलाकमन को सूचित किया था कि वे राज्य में किसी भी गठबंधन की जरूरत नहीं चाहते है। ऐसा हमने पंजाब की जनता के भरोसे पर किया है।

कैप्‍टन अमरिंदर और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए ‘मिशन 13’ लॉन्च किया। उन्‍होंने घोषणा की कि पार्टी राज्य में सभी 13 संसदीय सीटों को जीत जाएगी। मुख्यमंत्री ने पार्टी के लाेकसभा चुनाव अभियान के लिए ‘मिशन 13’ पोस्टर जारी किया।

इससे पहले मुख्‍यमंत्री हेलीकाप्‍टर से रैली के लिए पहुंचे। मुख्‍यमंत्री का हेलीकाप्‍टर यहां मंडी में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। रैली में पंजाब कांग्रेस के अध्‍यक्ष सुनील जाखड़, राज्‍य के वित्‍तमंत्री मनप्रीत बादल, वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता लाल सिंह, बिजली मंत्री गुरप्रीत कांगड़, सांसद रवनीत बिट्टू, विधायक प्रीतम सिंह कोटभाई सहित कई नेता मौजूद रहे। इन नेताओं ने भी रैली को संबोधित किया।

इससे पहले लाेगों का रैली के लिए सुबह से ही पहुंचा शुरू हो गया था। रैली के लिए कड़ी सुरक्षा की गई है और पूरे क्षेत्र में वाहनों को गहन जांच के बाद ही रैली स्‍थल की ओर जाने दिया गया।

रैली में मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह श्री गुुरुग्रंथ साहिब से बेअदबी मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, पूर्व उपमुख्‍यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल पर बरसे।  इससे पहले सुखजिंदर सिंह रंधावा,  विजय इंदर सिंगला, गुरप्रीत सिंह कांगड़ सहित अन्य नेताओं ने दौरा कर रैली के प्रबंधों का जायजा लिया।  रैली को मुख्य मंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के ओएसडी कैप्टन संदीप सिंह संधू खुद कोआर्डीनेट किया। उन्होंने रैली दो लाख लोगों के लिए पहुंचने का दावा किया है।

स्टेज पर 90 कुर्सियां लगीं, समर्थक जमीन पर बैठेंगे

रैली के दौरान मुख्य स्टेज पर 90 कुर्सियां लगाई गई थीं। इस पर मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट मंत्री व विधायक बैठे। इसके साथ ही दूसरी ओर 200 अन्य कुर्सियां लगी थीं।

 आइजी बठिंडा जोन एमएस फारूकी, डीजीपी ला एंड आर्डर हरदीप सिंह ढिल्लों, दो आइजी समेत बठिंडा जोन के सात जिलों के एसएसपी के नेतृत्व में चार हजार के करीब पुलिस कर्मचारी तैनात रहे।  रैली के पंडाल को 28 सेक्टरों में बांटा गया था। प्रत्येक सेक्टर में जीओ की अगुवाई में आठ पुलिस कर्मी व चार खुफिया तंत्र के मुलाजिम तैनात रहे। दो एसपी रैंक के अधिकारियों की जिम्मेदारी इन सेक्टरों की थी। दो एसपी व बठिंडा के एसएसपी डॉ.नानक सिंह की जिम्मेदारी स्टेज की थी। 

 

Back to top button