CM योगी का बड़ा बयान, कहा- थारू जनजाति के लोग भारत में देशभक्त जबकि नेपाल में माओवादी

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह विकास कार्यों का ही नतीजा है कि भारत के थारू जनजाति के लोग सच्चे राष्ट्रभक्त हैं। जबकि नेपाल में इसी समुदाय के लोग माओवादी हैं। जो कि बताता है कि नेपाल में थारू जनजाति के लोगों के विकास के लिए कुछ नहीं किया गया। योगी बलरामपुर में महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि महंत अवैद्यनाथ ने जीवन पर्यंत समाज के लिए काम किया। उन्होंने समाज के पिछड़े तबके में स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था किस तरह मजबूत हो इसके लिए लगातार प्रयास किया।
वहीं, कार्यक्रम में मौजूद राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेई के कर्म स्थली में इस भव्य विद्या मंदिर को देख कर मैं अभिभूत हूं। महंत अवैद्यनाथ ने जीवन पर्यंत स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई इसी का परिणाम है कि तराई जैसे पिछड़े क्षेत्र में आज शिक्षा व स्वास्थ्य के लिए एक बेहतर माहौल बना है। हमें महंत अवैद्यनाथ के आदर्शों को आत्मसात कर देश व समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।





