बलरामपुर एसपी की कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, फिर मदद के बजाय दिखाई दंबगई

गोमतीनगर के फन मॉल के सामने शनिवार देर रात सवा दस बजे बलरामपुर के एसपी की कार से बाइक सवार पेंटर बबलू को टक्कर लग गई। इससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। कार चालक ने मदद करने के बजाए दबंगई दिखाई, जिससे लोग आक्रोशित हो गए और जाम लगाकर हंगामा, नारेबाजी व प्रदर्शन शुरू कर दिया। बलरामपुर एसपी की कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, फिर मदद के बजाय दिखाई दंबगई

प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकी सिंह ने बताया कि निशातगंज की पेपर मिल कॉलोनी के चक्कापुरवा निवासी बबलू बाइक से लोहिया चौराहा से समतामूलक चौराहा होते हुए घर की ओर जा रहा था। मॉल के पास डिवाइडर के कट से उसने बाइक दायीं तरफ मोड़ी कि तभी पीछे से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर पड़ा। उसे गंभीर चोटें आईं। 

उधर, कार को पीछे से आ रहे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। एसपी की कार का चालक बाहर निकला और मदद के बजाए बबलू पर दबंगई दिखाने लगा। उसका रवैया देखकर लोग एकत्र हो गए। उनका कहना था कि कार चालक शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। 

मौके पर आए पुराना किला निवासी भाजपा नेता विनोद कुमार समेत अन्य लोग उसकी हरकत से आक्रोशित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच कार चालक वाहन लॉक कर खिसक गया। विनोद ने बबलू को अस्पताल भेजा और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची गोमतीनगर पुलिस ने लोगों को शांत कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि एसपी की कार के पीछे ही डीजीपी मुख्यालय में तैनात एक आईजी स्तर के अधिकारी की गाड़ी आ रही थी। हंगामा होने पर एसपी अपनी कार से उतरकर दूसरी कार में बैठकर चले गए। प्रभारी निरीक्षक ने कहा बलरामपुर के एसपी समेत कई अधिकारी राष्ट्रपति के कार्यक्रम के चलते शनिवार को शहर में थे। रात को सभी अधिकारी लौट रहे थे। हादसे के वक्त कार में एसपी थे या नहीं, इसकी जांच को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जाएगी।

टक्कर मारने की बात गलत
मैं गोमतीनगर स्थित अपने घर पर हूं। मॉल के पास गया ही नहीं। किसी बाइक सवार को टक्कर मारने की बात गलत है।

Back to top button