पाक में एक और हाई प्रोफाइल चोरी का मामला आया सामने, श्रीलंकाई उच्चायुक्त के घर में हुई चोरी

पिछले दिनों पाकिस्तान को चोरी करते हुए कैमरे में कैद हुए अपने एक अधिकारी के कारण शर्मिंदगी उठानी पड़ी थी। इसको लेकर पाकिस्तान की काफी फजीहत हुई। अब पाकिस्तान में चोरी का एक और हाई प्रोफाइल मामला सामने आया है। चोरों ने राजधानी इस्लामाबाद के उच्च सुरक्षा जोन में स्थित श्रीलंकाई उच्चायोग में कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। इसे सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। श्रीलंकाई उच्चायुक्त के घर से पीतल के लैंप और बाथरूम टैप चोरी हो गए। 

द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, गायब सामानों की कीमत करीब 70 हजार रुपये है। उच्चायोग के एक अधिकारी ने चोरी के इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चोरी हुए सामान की कीमत मायने नहीं रखती। अति सुरक्षा वाले उच्चायोग में चोरी की घटना ही बड़ी बात है। हम इसकी जांच कर रहे हैं। 

इसी इलाके में श्रीलंका के अलावा दूसरे देशों के दूतावास और उच्चायोग हैं। बताते चलें कि हाल में कुवैत का एक राजनयिक शिष्टमंडल पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात करने आया था। बैठक के बाद कुवैत का एक अधिकारी टेबल पर अपना पर्स भूल गया। बाद में संयुक्त सचिव स्तर का एक पाकिस्तानी अधिकारी पर्स चुराते हुए कैमरे में कैद हो गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद में उस अधिकारी सस्पेंड कर दिया गया।

Back to top button