अमेरिका :गंभीर आरोपों के बावजूद कावानाह ने संभाली अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की कमान, सीनेट ने लगाई मुहर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पसंदीदा ब्रेट कावानाह सुप्रीम कोर्ट के जज चुन लिए गए हैं. सीनेट में कावानाह कड़े मुकाबले में चुने गए. सदन उनको लेकर बंटा हुआ नजर आया. उन्हें 50 वोट मिले जबकि उनके विरोध में 48 वोट पड़े. वे जज एंथनी केनेडी का स्थान लेंगे जिन्होंने इस साल सेवानिवृत्ति की घोषणा की थी. कावानाह का चुना जाना ट्रंप और उनकी पार्टी के लिए छह नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव के मद्देनजर बड़ी राजनीतिक जीत है.
गौरतलब है कि कावानाह पर कई महिलाओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं. उन पर सबसे पहले आरोप लगाने वाली प्रोफेसर क्रिस्टीन ब्लाजी फोर्ड ने सीनेट की न्यायिक समिति के समक्ष अपना मामला रखा था. उन्होंने आरोप लगाया था कि 36 साल पहले कावानाह ने स्कूल पार्टी में उनके कपड़े उतारने की कोशिश की थी. इसके बाद दो अन्य महिलाओं ने भी उन पर आरोप लगाए थे.
इसके चलते उनके नाम का काफी विरोध हो रहा था. कावानाह ने सीनेट के सामने अपने बयान में इन आरोपों का कड़ाई से खंडन किया था. एफबीआई ने भी अपनी जांच में कावानाह को क्लीन चिट दे दी थी.
ट्रंप ने कावानाह के चुने जाने पर खुशी जताई है. उनके चुने के बाद अब आने वाले सालों में नौ न्यायाधीशों वाले सुप्रीम कोर्ट में कंजरवेटिव जजों का बहुमत हो जाएगा.





