पिता के दोस्त की सरिया से पीट कर की हत्या

ग्वालियर: एक सिरफिरे युवक ने बृहस्पतिवार की सुबह अपने पिता के दोस्त की सरिया से पिटाई कर हत्या कर दी। बीच बचाव करने आई उसकी पत्नी व बेटी को भी अधमरा कर दिया। वारदात के बाद आरोपी भाग निकला। घटना माधौगंज थाना क्षेत्र स्थित फौजी कॉलोनी की है।माधौगंज थाना पुलिस ने बताया कि गुढ़ा स्थित फौजी कॉलोनी में एसएएफ से रिटायर मान सिंह सिकरवार अपने परिवार के साथ रहते हैं। मान सिंह सिकरवार के परिवार में पत्नी व बेटी हैं। बटालियन में रहते समय राठौर परिवार से उनकी खासी पटती थी।
मान सिंह का बेटा जसवंत और राठौर परिवार का युवक रामकुमार राठौर दोनों आपस में गहरे दोस्त थे। दोनों साथ पढ़ते थे। संबंध ऐसे थे कि रामकुमार उनके घर में ही रहता था। बुधवार की शाम को खाना खाने के बाद रामकुमार राठौर मान सिंह के कमरे में जाकर सो गया। तड़के करीब साढ़े तीन बजे घर में चीख-पुकार मची तो जसवंत की नींद खुल गई। उसने अपने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन बाहर से कुंडी लगी थी। उसने खिड़की से झांककर देखा तो रामकुमार सरिया से मान सिंह के सिर पर प्राण घातक हमला कर रहा था।
बीच बचाव करने पहुंची उसकी मां सुमेरी व दीपा पर भी उसने सरिया से हमला कर दिया। इसके बाद रामकुमार मौके से भाग गया। जसवंत ने अपने पड़ोस में रहने वाले दोस्त को फोन कर बाहर से कुंडी खुलवाई। इसके बाद पुलिस को सूचना दे दी। जसवंत अपने पिता, मां और बहन को वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां पर डॉक्टर ने मान सिंह को देखते ही मृत घोषित कर दिया। सुमेरी व दीपा को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सीएसपी लश्कर देवेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी भाग गया है, घटना के दो चश्मदीद गवाह घायल हैं।





