भारत के 649 रन के विशाल स्कोर के जवाब में पूरी वेस्टइंडीज टीम 181 रन पर ऑलआउट हो गई। रोस्टन चेज ने सर्वाधिक 53, कीमो पॉल ने 47 और देवेंद्र बिशू ने 17 रन बनाए।
भारत की ओर से अश्विन ने सबसे ज्यादा 4, शमी ने 2, वहीं अन्य तीन गेंदबाजों कुलदीप, जडेजा और उमेश ने 1-1 विकेट झटके।
वेस्टइंडीज ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में छह विकेट पर 94 रन बना लिए थे। तीसरे दिन इस स्कोर से आगे बढ़ते हुए कीमो पॉल और रोस्टन चेज ने कुछ अच्छे हाथ दिखाए। दोनों के बीच 55 रन की साझेदारी हुई जिसे उमेश यादव ने तोड़ा। शॉर्ट बॉल को पुल करने की फिराक में कीमो पॉल 47 रन बनाकर पुजारा के हाथों मिड विकेट में पकड़े गए।
इसके पहले दूसरे दिन भारत के 649 के विशाल स्कोर के जवाब में मेहमान टीम की ओर से कप्तान क्रेग ब्रैथवेट और कीरोन पॉवेल ने पारी की शुरुआत की। मगर तीसरे ही ओवर में मो. शमी ने ब्रैथवेट (2) को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद शमी ने कीरोन पॉवेल को भी एलबीडब्ल्यू कर वेस्टइंडीज को दूसरा झटका दे दिया। पॉवेल 1 रन बनाकर आउट हुए। इसके 5 ओवर बाद ही अश्विन ने अपनी एक बेहतरीन गेंद में होप को क्लीन बोल्ड कर वेस्टइंडीज को मुश्किल में डाल दिया। उन्होंने 10 रन का योगदान किया।
शिमरान हेटमायर (10) खराब आपसी संयोजन के चलते रन आउट हुए तो उसके बाद अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद में रविंद्र जडेजा ने सुनील अंबरिश (9) को स्लिप में रहाणे के हाथों झिलवाकर विकेटों की संख्या 5 कर दी। नए बल्लेबाज शेन डोवरिच (10) कुलदीप यादव की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।
इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी 9 विकेट के नुकसान पर 649 रन पर घोषित की थी। मैच के दूसरे दिन भारतीय कप्तान विराट कोहली ने 139 रन बनाए, वहीं ऋषभ पंत शतक से चूक गए और 92 रन पर आउट हो गए। रवींद्र जडेजा ने टेस्ट करियर का पहला शतक ठोका और 100 रन पर नाबाद रहे।