सहवाग से पृथ्वी शॉ की तुलना करने पर गांगुली ने कहा कुछ ऐसा
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने पदार्पण टेस्ट में शतक बनाने वाले पृथ्वी शॉ के प्रदर्शन को शानदार बताया, लेकिन वीरेंद्र सहवाग से उनकी तुलना की खबरों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि शॉ को अभी और समय देना चाहिए, ताकि वह विश्व में कहीं भी रन बना सके.
18 साल के शॉ ने अपने पदार्पण मौके को दोनों हाथों से लपकते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन गुरुवार को 99 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. उन्होंने 154 गेंदों में 134 रन बनाए.
गांगुली ने कोलकाता में कहा, ‘पृथ्वी की तुलना सहवाग से मत कीजिए. सहवाग एक जीनियस थे. उन्हें अभी विश्व का दौरा करने दीजिए. मुझे विश्वास हैं कि वह ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में रन बनाएंगे.’
गांगुली ने कहा, ‘पदार्पण टेस्ट में शतक बनाने के बाद उनके लिए यह एक असाधारण दिन होना चाहिए. उन्होंने रणजी के पदार्पण में भी शतक बनाया था. इसके अलावा उन्होंने दलीप ट्रॉफी में भी पदार्पण करते हुए शतक जमाया था, इसलिए यह असाधारण है.’
शॉ की बल्लेबाजी के बारे में पूछे जाने पर गांगुली ने कहा कि बल्लेबाजी के प्रति यह उनका स्वभाव और रवैया है जिसने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया है. पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘बल्लेबाजी करने के लिए यह उनकी सकारात्मकता, स्वभाव और जो रवैया है वह शानदार है. अंडर-19 विश्वकप खेलना और भारत के लिए टेस्ट मैच खेलना पूरी तरह से अलग है. मैंने राजकोट में जो देखा वह आंखों को सकून देने वाला था. मुझे उम्मीद है कि वह भारत के लिए लंबे समय तक खेल सकते हैं.’





