म्‍युचुअल फंडों में निवेश करना अब बैंकों में फिक्‍स्‍ड डिपॉजिट करवाने जितना हुआ आसान

आपकी हर तरह की जरूरतों और समयावधि के लिए म्‍युचुअल फंड की विभिन्‍न योजनाएं बाजार में उपलब्‍ध हैं. अगर हम निवेश पर रिटर्न की बात करें तो लंबी अवधि में सबसे अधिक रिटर्न शेयर ही देते आए हैं. वहीं, शेयरों में निवेश का सबसे बेहतरीन जरिया म्‍युचुअल फंड है. आप इक्विटी म्‍युचुअल फंडों में लंबे समय के लिए निवेश कर अच्‍छा-खासा फंड बना सकते हैं. अब बात करते हैं कि इनमें निवेश करने की. अक्‍सर आपके मन में यह सवाल उठता होगा कि बैंकों में फिक्‍स्‍ड डिपॉजिट करवाना आसान है लेकिन म्‍युचुअल फंडों में निवेश करना मुश्किल. बैंक लगभग हर गली-मोहल्‍ले में हैं लेकिन म्‍युचुअल फंडों के न तो एजेंट नजर आते हैं और नहीं उनके ऑफिस आस-पड़ोस में होते हैं. आज हम आपको बताएंगे कि किस प्रकार आप म्‍युचुअल फंडों में काफी आसानी से निवेश कर सकते हैं.म्‍युचुअल फंडों में निवेश करना अब बैंकों में फिक्‍स्‍ड डिपॉजिट करवाने जितना हुआ आसान

म्‍युचुअल फंड कंपनियों की वेबसाइट से करें डायरेक्‍ट निवेश
अब लगभग सभी म्‍युचुअल फंड कंपनियां यानी एसेट मैनेजमेंट कंपनियां अपनी वेबसाइट के जरिए निवेशकों को डायरेक्‍ट निवेश करने की सुविधा दे रही हैं. आप इनकी वेबसाइट के जरिए भी निवेश कर सकते हैं या फिर नके ऑफिस जा सकते हैं.

म्‍युचुअल फंड एजेंट के जरिए आसान होता है निवेश करना
एजेंट के जरिए म्‍चुचुअल फंडों में निवेश की प्रथा काफी पुरानी है. आप अपने आसपास के म्‍युचुअल एजेंट से संपर्क कर सकते हैं. अगर, आपको एजेंट आसानी से न मिल रहा हो तो आप एसोसिएशन ऑफ म्‍युचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) की वेबसाइट से अपने आस-पड़ोस के म्‍युचुअल फंड एजेंट का पता लगा सकते हैं. इसके लिए आपको वेबसाइट के इन्‍वेस्‍टर कॉर्नर पर जाना होगा. वहां एरिया का नाम, पिन कोड आदि डालकर आप एजेंट का पता लगा सकते हैं.

वेब पोर्टल के जरिए म्‍युचुअल फंडों में निवेश
अब तो कई ऐसे वेब पोर्टल मौजूद हैं जिनके जरिए आप म्‍युचुअल फंडों में निवेश कर सकते हैं. आपको  इन पोर्टल्‍स पर अपना एकाउंट बनाना होगा. KYC के सारे डॉक्‍यूमेंट्स ये आपको भेज देंगे. इन सब काम में आपको एक भी पैसा फीस के तौर नहीं देना होगा. ऐसे पोर्टल्‍स में fundsindia.com, fundssupermart.com आदि शामिल हैं.

डीमैट एकाउंट के जरिए काफी आसान है फंडों में निवेश
अगर आपके पास डीमैट एकाउंट है तो आप म्‍युचुअल फंडों में काफी सरलता से निवेश कर सकते हैं. डीमैट एकाउंट के जरिए न सिर्फ आप म्‍युचुअल फंड खरीद सकते हैं बल्कि इसे आसानी से बेच भी सकते हैं. कुछ बैंक भी म्‍युचुअल फंड के कॉरपोरेट एजेंट होते हैं. इसके लिए आप अपने नजदीकी बैंक से भी संपर्क कर सकते हैं.

Back to top button