इंतजार खत्म, उत्तराखंड में कांग्रेस को मिलेंगे ब्लॉक अध्यक्ष

प्रदेश में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के साथ ही अनुशासन व समन्वय समेत विभिन्न अहम समितियों के गठन को लेकर इंतजार खत्म होने को है। कांग्रेस हाईकमान से मंजूरी मिलने के बाद ब्लॉक अध्यक्षों समेत विभिन्न समितियों के गठन की सूची जल्द जारी की जाएंगी। प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष की बागडोर प्रमोद कुमार सिंह को सौंपा जाना तय है। इंतजार खत्म, उत्तराखंड में कांग्रेस को मिलेंगे ब्लॉक अध्यक्ष

ब्लॉक कमेटियों के साथ जिला व शहर इकाइयों का तालमेल बेहतर हो, इसे देखते हुए पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने सावधानी बरती है। ब्लॉक अध्यक्षों व विभिन्न समितियों के गठन को लेकर पिछले कई दिनों से मशक्कत चल रही थी। 

इस सिलसिले में बीते दिनों प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की थी। इसके बाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी के साथ उक्त सूचियों को अंतिम रूप दिया गया है। हालांकि, बीते दिनों पार्टी के भीतर उठे असंतोष के सुरों को देखते हुए नए सिरे से तालमेल बैठाने पर जोर दिया गया है। 

इस वजह से नई सूचियों को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलौत की ओर से जारी किया जा सकता है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह मंगलवार को दून पहुंच गए। मंगलवार सुबह गांधी जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद उन्होंने बीजापुर स्थित अतिथिगृह में उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ उक्त सूचियों को लेकर गहन मंथन भी किया। 

अब ब्लॉक अध्यक्षों के साथ ही प्रदेश के लिए समन्वय समिति, अनुशासन समिति, संसदीय समिति की घोषणा जल्द हो जाएगी। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष का जिम्मा प्रमोद कुमार सिंह को सौंपा जाना तकरीबन तय है। 31 सदस्यीय समन्वय समिति में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के साथ ही सूबे के दिग्गज कांग्रेसी नेताओं को शामिल किया गया है। इसीतरह संसदीय समिति में पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा और महेंद्र सिंह पाल की जगह भी पक्की मानी जा रही है।

Back to top button