4 साल से भतीजी का रेप कर रहा था चाचा, शादी के बाद भी नहीं माना तो…
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने ‘मंगलिक दोष’ का इलाज करने के बहाने चार साल तक अपनी भतीजी से बलात्कार करने के आरोप में सोमवार को उसके सगे चाचा को गिरफ्तार किया है।
आरोपी व्यक्ति ने 23 वर्षीय पीड़ित युवती से कहा था कि अगर ‘दोष’ को दूर नहीं किया गया तो उसके पिता की मौत हो जाएगी। पुलिस ने कहा वह चार साल से लगातार इस अपराध को अंजाम दे रहा था।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस ने बताया कि जब आरोपी चाचा ने युवती की शादी के बाद भी उसे बुलाया तो उसने इस बारे में अपने ससुर को बताने का फैसला किया। इसके बाद उसका ससुर महिला को नरेला पुलिस स्टेशन ले गया और 13 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस ने कहा, आरोपी पीड़िता का सगा चाचा हैं, जिसे एफआईआर दर्ज होने के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं, पीड़िता की काउंसलिंग के लिए पुलिस ने दिल्ली आयोग से संपर्क किया है।





