बिहार कांग्रेस के प्रभारी का ट्वीट बटोर रहा सुर्खियां, बापू की जन्मतिथि को बना दिया पुण्यतिथि

पटना:मंगलवार को पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मना रहा है। इस मौके पर नेताओं के द्वारा ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। गांधी जयंती पर बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल का ट्वीट सुर्खियों में आ गया है। दरअसल कांग्रेस नेता ने ट्वीट करते हुए गांधी जी की जयंती को उनकी पुण्यतिथि बता दिया।
उन्होंने लिखा कि हे साबरमती के संत, जब आज देश मे झूठ और हिंसा का बोलबाला है, वहां आपकी सत्य और अहिंसा के माध्यम से लड़ी बड़ी से बड़ी लड़ाईयां हमें प्रेरणा देती है कि ताकत कोई भी हो कितनी भी शाक्तिशाली हो, आपके बताये रास्ते पर चलकर ही विजय पाई जा सकती है। आपकी 150 वीं पुण्यतिथि पर आपको शत शत नमन। इस ट्वीट के चलते शक्ति सिंह गोहिल ने सामान्य ज्ञान को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। कुछ ही देर बाद जब उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ तो उन्होंने पहले ट्वीट को हटाकर दूसरा ट्वीट किया जिसमें उन्होंने पुण्यतिथि के स्थान पर जन्मतिथि लिखा।





