पटना के गांधी मैदान में CM नीतीश ने पदयात्रा करते हुए बापू को दी श्रद्धांजलि

गांधी जयंती के अवसर पर बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि गांधी जी सामाजिक समरसता के पक्षधर थे। शराब पैसा और बुद्धि छीन लेती है, शराबबंदी से कोई समझौता नहीं होगा और गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। सबको आदर्शवादी नहीं बनाया जा सकता है।
नीतीश कुमार ने इस खास मौके पर वार्षिक समारोह का शुभारंभ गांधी मैदान में पद यात्रा कर शुरू की। सीएम ने गांधी मैदान का पूरा एक चक्कर लगाया। पद यात्रा में उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी आदि शामिल थे।
सीएम नीतीश कुमार के साथ बच्चों ने भी पदयत्रा की। बापू को श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोग गांधी मैदान के चारों ओर लोग कतार बद्ध होकर खड़े रहे।
इसके बाद वे बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में गर्दनीबाग में बनने वाले बापू टॉवर का शिलान्यास किया और उसके बाद सीएम नीतीश बिहार की चंपारण यात्रा के क्रम में बापू की स्मृति से जुड़े आठ स्थलों पर लगाई गई बापू और उनके सहयोगियों की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन महिला विकास निगम की ओर से आयोजित किया गया है।
शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण
इस आयोजन के बाद मुख्यमंत्री ने शास्त्रीनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया और उसके बाद सीधे वे बापू सभागार के लिए रवाना हो गए। बापू सभागार में मंगलवार को कई कार्यक्रम होने हैं। इस सभागार में मुख्यमंत्री बापू की 150वीं जयंती समारोह का शुभारंभ करेंगे।
एक साथ आठ मूर्तियों का अनावरण
इसके बाद मुख्यमंत्री इस हॉल में बैठ रिमोट से चंपारण सत्याग्रह के सेनानियों की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। यह प्रतिमाएं प्रदेश के आठ स्थानों पर लगाई गई हैं। इनमें बापू से लेकर पं. राजकुमार शुक्ल व अन्य महापुरूषों की प्रतिमाएं शामिल हैं।
अन्य आयोजन
– बापू सभागार में स्कूलों में कथावाचन पर निर्मित फिल्म का प्रदर्शन
– भितिहरवा में बापू द्वारा बनाए गए बुनियादी विद्यालय की परिकल्पना का शुभारंभ
– ग्रामीण स्वच्छता पर फिल्म का प्रदर्शन
– सामाजिक सरोकार के कार्य करने वाले शिक्षकों, कर्मियों और अफसरों का सम्मान
– मुख्यमंत्री द्वारा राज्यव्यापी संकल्प दिलाया जाना (नशा, दहेज और बाल विवाह का विरोध और स्वच्छता का संकल्प)
– बाल विवाह एवं दहेज मुक्ति जागरूकता रथ को पंचायत स्तर पर रवाना किया जाएगा
बापू टॉवर का मुख्यमंत्री करेंगे शिलान्यास
गांधी जयंती पर बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गर्दनीबाग में बनने वाले बापू टावर का शिलान्यास भी करेंगे। 84 करोड़ की लागत से बनने वाले टॉवर में बापू से जुड़ी कई चीजों का प्रदर्शन किया जाएगा। बहुमंजिले टावर से पटना का नजारा भी लिया जा सकेगा।
जिला-पंचायतों में निकली प्रभातफेरी
गांधी जयंती के मौके पर प्रदेश के सरकारी स्कूलों के साथ ही गांव और टोलों में बापू के प्रिय भजनों की गूंज सुनाई दी। शिक्षा विभाग ने इस मौके को यादगार बनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किया है।
गांधी जयंती के मौके पर स्कूली बच्चे और शिक्षक गांव में सुबह प्रभात फेरी निकाली । प्रभात फेरी में बच्चे और शिक्षक बापू के प्रिय भजन रघुपति राघव राजाराम और वैष्णव जन तो तेने कहिए का गायन किया।





