शेयर बाजार में बढ़त के बाद गिरावट, सेंसेक्स 50 अंक टूटा, रुपये में 10 पैसे की मजबूती
शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुरुआत में तेज बढ़त देखने को मिली, लेकिन इसके थोड़ी देर बाद ही यह 50 अंक गिर गया। सेंसेक्स 150 अंकों की मजबूती के साथ खुला। निफ्टी 11,034 तक पहुंचा था जबकि सेंसेक्स 36,500 के पार दस्तक दी थी। हालांकि अब निफ्टी 10,950 के पास आ गया है जबकि सेंसेक्स 36,300 के करीब नजर आ रहा है।
सेंसेक्स 23 अंक गिरकर 36,301 के स्तर पर और निफ्टी 40 अंक की कमजोरी के साथ 10,937 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। बैंक निफ्टी 0.2 फीसदी गिरकर 24,992 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। दिग्गज शेयरों में यस बैंक, इंडियाबुल्स हाउसिंग, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, वेदांता, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा स्टील 7.7-2.6 फीसदी तक गिरे हैं।
मिडकैप शेयरों में रिलायंस इंफ्रा, पीरामल एंटरप्राइजेज, अदानी एंटरप्राइजेज और व्हर्लपूल 4.6-4.4 फीसदी तक लुढ़के हैं। स्मॉलकैप शेयरों में इंफीबीम, क्रिधन इंफ्रा, केपीआईटी टेक, इंडियाबुल्स रियल एस्टेट और द्वारिकेश शुगर 48-8 फीसदी तक टूटे हैं।
72.49 पर खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे की तेजी के साथ 72.49 के स्तर पर खुला है। वहीं, कल के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 72.59 के स्तर पर बंद हुआ था।





